*यूपी बोर्ड की मेधा सूची में चमके श्यामा सुरेंद्र इंटर कॉलेज के सितारे, आयुषी और आस्था का हुआ भव्य सम्मान।*

Bureau Report: Rajiv Tripathi Siswa / News 18 Plus / Co-Editor

महराजगंज/सिसवा (करमही) मुख्यमंत्री के निर्देशन में आयोजित मेधावी छात्र सम्मान समारोह में जनपद महराजगंज का नाम रोशन करने वाले प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर यूपी बोर्ड परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर जिले में स्थान प्राप्त करने वाली छात्राओं को सम्मान, प्रोत्साहन राशि, मेडल एवं प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए।

 

जनपद मुख्यालय पर आयोजित सम्मान समारोह में जिलाधिकारी, मुख्य विकास अधिकारी तथा जिला विद्यालय निरीक्षक की गरिमामयी उपस्थिति में श्यामा सुरेंद्र इंटरमीडिएट कॉलेज, करमही की मेधावी छात्रा आयुषी चौधरी को हाईस्कूल परीक्षा में जिले में प्रथम स्थान प्राप्त करने पर तथा आस्था चौधरी को इंटरमीडिएट परीक्षा में जिले में सातवां स्थान प्राप्त करने पर सम्मानित किया गया। दोनों छात्राओं को 21-21 हजार रुपये का चेक, मेडल एवं प्रशस्ति प्रमाण-पत्र देकर उनकी उपलब्धि का सम्मान किया गया।

 

इस अवसर पर अधिकारियों ने कहा कि मेहनत, लगन और अनुशासन के बल पर विद्यार्थी किसी भी लक्ष्य को प्राप्त कर सकते हैं। आयुषी और आस्था की सफलता जनपद के अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणास्रोत है। उन्होंने छात्राओं के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए निरंतर प्रगति के लिए शुभकामनाएं दीं।

 

विद्यालय परिवार में भी इस उपलब्धि को लेकर उत्साह का माहौल है। विद्यालय के प्रबंधक अजय कुमार मिश्र एवं प्रधानाचार्य विजय कुमार मिश्र ने कहा कि श्यामा सुरेंद्र इंटरमीडिएट कॉलेज स्थापना काल से ही शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट परिणाम देता आया है। विद्यालय के छात्र-छात्राएं लगातार जिला, मंडल एवं प्रदेश स्तर पर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह सफलता विद्यार्थियों की मेहनत, शिक्षकों के मार्गदर्शन और अभिभावकों के सहयोग का परिणाम है।

 

सम्मान समारोह के बाद विद्यालय में भी खुशी का माहौल रहा। शिक्षकों एवं कर्मचारियों ने दोनों छात्राओं को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस दौरान मनीष पांडेय, राकेश गुप्ता, अर्चना पाठक, त्रिलोकी चौहान, राहुल शर्मा, मोहन प्रजापति सहित विद्यालय के समस्त शिक्षक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

 

विद्यालय परिवार ने विश्वास व्यक्त किया कि आने वाले वर्षों में भी संस्था के विद्यार्थी शिक्षा के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों को छूते हुए जनपद और प्रदेश का गौरव बढ़ाते रहेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *