हंसता खेलता परिवार का इलेक्ट्रिक स्कूटी ने ली मासूम की जान

Bureau Report by /Sarvesh Chaturvedi, Gorakhpur /Correspondent, /News 18 Plus 

 

नियति का क्रूर खेल किसे कहते हैं, इसका एक अत्यंत हृदयविदारक उदाहरण गोरखपुर के यशोदरा कुंज में देखने को मिला। बुधवार की सुबह एक हंसता-खेलता परिवार पल भर में पूरी तरह उजड़ गया। यहाँ अपने घर में इलेक्ट्रिक स्कूटी चार्ज कर रहा 14 वर्षीय मासूम प्रांजल यादव करंट की चपेट में आ गया। करंट इतना भयानक था कि मासूम ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। प्रांजल मूल रूप से गगहा थाना क्षेत्र के जगदीशपुर भलुवान का रहने वाला था।

 

यशोदरा कुंज स्थित दो मंजिला मकान में बुधवार की सुबह रोजाना की तरह सामान्य थी। सुबह करीब 10 बजे ग्राउंड फ्लोर पर इलेक्ट्रिक स्कूटी चार्ज हो रही थी। इसी दौरान अनजाने में प्रांजल का हाथ या शरीर चार्जिंग तार से छू गया। जोरदार करंट की वजह से वह बुरी तरह झुलस गया। उस वक्त उसकी मां पहली मंजिल पर थीं और उन्हें इस अनहोनी की भनक तक नहीं थी। जब खिड़की और दरवाजे से झांक रहे पड़ोसियों ने अंदर का मंजर देखकर शोर मचाया, तब मां बदहवास होकर नीचे दौड़ीं। नीचे पैर रखते ही जब उन्होंने अपने कलेजे के टुकड़े को बेजान देखा, तो उनके पैरों तले जमीन खिसक गई।

 

चीख-पुकार सुनकर पिता प्रमोद यादव भी तुरंत घर पहुंचे। रोते-बिलखते माता-पिता प्रांजल को लेकर गोरखपुर के एक निजी अस्पताल की तरफ भागे। उनके मन में उम्मीद की एक आखिरी किरण थी कि शायद उनका बच्चा सांस ले ले। लेकिन डॉक्टरों ने देखते ही उसे मृत घोषित कर दिया। इस मनहूस खबर को सुनते ही माता-पिता पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। भरे मन और आंसुओं के समंदर के बीच परिजनों ने अपने लाडले का अंतिम संस्कार कर दिया।

 

प्रांजल सिर्फ एक बेटा नहीं, बल्कि अपने माता-पिता की आंखों का तारा और भविष्य की उम्मीद था। वह पढ़ाई में बेहद कुशाग्र और मेधावी होने के साथ-साथ जूडो-कराटे का भी एक बेहतरीन खिलाड़ी था। आस-पास के लोग उसकी प्रतिभा की तारीफ करते नहीं थकते थे। जिस बेटे को कल तक जीत का मेडल पहनते देखा था, आज उसकी अर्थी उठते देख पूरे इलाके की आंखें नम हैं। बदहवास माता-पिता बार-बार शून्य में निहारते हुए बस अपनी फूटी किस्मत और नियति को कोस रहे हैं कि आखिर उनके इतने होनहार बच्चे के साथ भगवान ने ऐसा अन्याय क्यों किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *