एसएसआर-2027 अभियान का डीएम ने किया निरीक्षण, छह बूथों पर मिले 36 नए मतदाताओं के आवेदन!

18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके युवाओं और नवविवाहिताओं का नाम मतदाता सूची में जोड़ने पर जोर, बीएलओ को घर-घर संपर्क कर पात्र नागरिकों को जागरूक करने के निर्देश।

 

न्यूज़ 18प्लस ब्यूरो/महराजगंज

 

महराजगंज, 22 नवंबर 2026। जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जी.एन. ने रविवार को विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण (एसएसआर)-2027 के तहत कंपोजिट विद्यालय मिठौरा में आयोजित विशेष अभियान का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न बूथों पर पहुंचकर बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) से नए मतदाताओं के पंजीकरण और फार्म-06 प्राप्ति की प्रगति की जानकारी ली।

 

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने बीएलओ को निर्देश दिया कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में घर-घर संपर्क सहित विभिन्न माध्यमों से एसएसआर-2027 अभियान के प्रति लोगों को जागरूक करें, ताकि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित न रहे। उन्होंने विशेष रूप से 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके युवाओं, नवविवाहिताओं और अन्य छूटे हुए पात्र नागरिकों का नाम मतदाता सूची में शामिल कराने पर जोर दिया।

 

जिलाधिकारी ने कहा कि विशेष अभियान के दौरान सभी बीएलओ निर्धारित समय पर अपने-अपने बूथों पर अनिवार्य रूप से उपस्थित रहें और फार्म-06 भरने में नागरिकों की सहायता करें। प्राप्त आवेदनों का समयबद्ध सत्यापन और ऑनलाइन फीडिंग सुनिश्चित की जाए। इसके साथ ही मतदाता सूची में नाम, आयु और पता सहित अन्य विवरणों में त्रुटि होने पर नागरिकों को आवश्यक सुधार प्रक्रिया की जानकारी भी उपलब्ध कराई जाए।

 

उन्होंने ज्वाइंट मजिस्ट्रेट सदर को बूथों पर बीएलओ की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित कराने तथा सभी सुपरवाइजरों को क्षेत्र में भ्रमणशील रहकर बीएलओ के कार्यों का प्रभावी पर्यवेक्षण करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने कहा कि मतदाता सूची में प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम शामिल होना लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। इसलिए सभी संबंधित अधिकारी और बीएलओ पूरी जिम्मेदारी एवं गंभीरता के साथ अभियान का संचालन करें।

 

विद्यालय में बूथ संख्या 206 से 211 तक कुल छह मतदेय स्थल स्थापित हैं। अभियान के दौरान इन छह बूथों पर कुल 36 फार्म-06 प्राप्त हुए। इनमें बूथ संख्या 206 पर सात, 207 पर छह, 208 पर पांच, 209 पर छह, 210 पर पांच तथा बूथ संख्या 211 पर पांच आवेदन प्राप्त हुए।

 

निरीक्षण के दौरान संबंधित बीएलओ कंचन सिंह, प्रियंका देवी, रीता देवी, माधुरी देवी, सुनील कुमार एवं हसीना खातून उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *