Bureau Report/ News 18 Plus /Maharajganj
महराजगंज। शैक्षिक सत्र 2026-27 में दशमोत्तर छात्रवृत्ति एवं शुल्क प्रतिपूर्ति योजना के तहत पात्र छात्र-छात्राओं को लाभान्वित करने के लिए जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी, महराजगंज की ओर से निर्धारित समय-सारिणी जारी की गई है। योजना के अंतर्गत अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, सामान्य वर्ग, अन्य पिछड़ा वर्ग और अल्पसंख्यक वर्ग के पात्र विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति एवं शुल्क प्रतिपूर्ति का लाभ प्रदान किया जाएगा।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, नवीन शिक्षण संस्थानों द्वारा मास्टर डाटा तैयार करने की प्रक्रिया 23 अक्टूबर से 5 नवंबर 2026 तक पूरी की जाएगी। विश्वविद्यालयों एवं संबद्ध एजेंसियों द्वारा शुल्क का सत्यापन 7 नवंबर तक किया जाएगा। वहीं, अल्पसंख्यक वर्ग के विद्यार्थियों के लिए निजी शिक्षण संस्थानों की मार्किंग की अंतिम तिथि 10 नवंबर 2026 निर्धारित की गई है।
छात्र-छात्राओं को आवेदन पत्र के नवीनीकरण के साथ हार्डकॉपी जमा करने की प्रक्रिया 13 नवंबर 2026 तक पूरी करनी होगी। नए यानी फ्रेश आवेदन करने वाले विद्यार्थी भी इसी तिथि तक ऑनलाइन पंजीकरण एवं आवेदन कर सकेंगे।
जारी समय-सारिणी के मद्देनजर संबंधित शिक्षण संस्थानों और विद्यार्थियों से अपील की गई है कि वे निर्धारित तिथियों के भीतर सभी आवश्यक औपचारिकताएं पूरी कर लें, ताकि छात्रवृत्ति एवं शुल्क प्रतिपूर्ति योजना का लाभ प्राप्त करने में किसी प्रकार की परेशानी न हो।