Bureau Report/ News 18 Plus /Maharajganj
23 वर्ष की आयु पूरी होने पर मिला योजना का लाभ, सदर विधायक जयमंगल कन्नौजिया ने सौंपा चेक; दिवंगत माता-पिता के सपनों को साकार करने के लिए बढ़ाया हौसला।
महराजगंज। कोविड-19 महामारी के दौरान अपने माता-पिता को खोने वाले बच्चों के भविष्य को सुरक्षित करने और उन्हें आर्थिक संबल प्रदान करने के उद्देश्य से संचालित पीएम केयर्स फॉर चिल्ड्रेन योजना के तहत बुधवार को दिव्याल सिंह को 10 लाख रुपये की धनराशि का चेक प्रदान किया गया। सदर विधायक जयमंगल कन्नौजिया ने जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल एवं मुख्य विकास अधिकारी के निर्देशों के क्रम में आयोजित कार्यक्रम में लाभार्थी को चेक सौंपा। यह धनराशि लाभार्थी के 23 वर्ष की आयु पूरी करने पर डाकघर में सुरक्षित रखी गई राशि के रूप में उपलब्ध कराई गई।
ग्राम जंगल फरजन्द अली, पोस्ट महुअवां, जनपद महराजगंज निवासी स्वर्गीय रामेश्वर सिंह के पुत्र दिव्याल सिंह को योजना के माध्यम से आर्थिक सहायता प्रदान की गई। इस योजना का उद्देश्य कोरोना महामारी के कारण अपने माता-पिता को खोने वाले बच्चों को आर्थिक सुरक्षा उपलब्ध कराना और उन्हें आत्मनिर्भर बनाकर बेहतर भविष्य की ओर आगे बढ़ने का अवसर देना है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा ऐसे बच्चों के संरक्षण एवं सहायता के लिए इस योजना की घोषणा की गई थी।
कठिन परिस्थितियों से घबराएं नहीं, लक्ष्य की ओर बढ़ते रहें : विधायक
इस अवसर पर सदर विधायक जयमंगल कन्नौजिया ने दिव्याल सिंह का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि जीवन में कठिन परिस्थितियां और हादसे आते रहते हैं, लेकिन हिम्मत, मेहनत और दृढ़ संकल्प के साथ उनका सामना करने वाले लोग सफलता की राह बनाते हैं। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि दिव्याल अपने जीवन में आगे बढ़कर सफलता हासिल करेंगे और अपने दिवंगत माता-पिता के सपनों को साकार करेंगे।
विधायक ने कहा कि सरकार बच्चों के उज्ज्वल भविष्य, आत्मनिर्भरता और सामाजिक सुरक्षा के लिए प्रतिबद्ध है। दिव्याल को अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहकर निरंतर आगे बढ़ना चाहिए। उनके सपनों को पूरा करने में सरकार हर संभव सहयोग देने के लिए तत्पर है।
कार्यक्रम में जिला प्रोबेशन अधिकारी क्षमानाथ राय सहित विभागीय कर्मचारी, लाभार्थी एवं अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।