कैमा गांव में दर्दनाक हादसा: 11 हजार वोल्ट के करंट की चपेट में आए पति-पत्नी की मौत, बेटी गंभीर रूप से घायल!

दीपावली पर लगाई गई सजावटी झालर उतारते समय हुआ हादसा, पति को बचाने पहुंची पत्नी और बेटी भी आईं बिजली की चपेट में; परिवार में मचा कोहराम।

 

न्यूज़ 18प्लस ब्यूरो/महराजगंज।

 

महराजगंज जनपद के कोठीभार थाना क्षेत्र अंतर्गत कैमा गांव में मंगलवार सुबह एक हृदयविदारक हादसा हो गया। दीपावली पर घर में लगाई गई सजावटी झालर उतारते समय 11 हजार वोल्ट के हाईटेंशन बिजली तार की चपेट में आने से पति-पत्नी की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि उनकी 18 वर्षीय बेटी गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना के बाद गांव में शोक की लहर दौड़ गई।

 

मिली जानकारी के अनुसार, कैमा निवासी राधेश्याम (40 वर्ष) पुत्र केदारे मंगलवार सुबह करीब 8:30 बजे अपने घर की छत पर लगी दीपावली की सजावटी झालर उतार रहे थे। इसी दौरान छत के ऊपर से गुजर रहे 11 हजार वोल्ट के बिजली के तार की चपेट में आ गए। पति को करंट की चपेट में आता देख उनकी पत्नी पुष्पा देवी (35 वर्ष) और बेटी गोल्डी (18 वर्ष) उन्हें बचाने के लिए दौड़ीं, लेकिन दुर्भाग्यवश दोनों भी बिजली की चपेट में आ गईं।

 

हादसे में राधेश्याम और उनकी पत्नी पुष्पा देवी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बेटी गोल्डी गंभीर रूप से घायल हो गई। घायल युवती को उपचार के लिए जिला अस्पताल महराजगंज में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज चल रहा है।

 

घटना की सूचना मिलते ही कोठीभार थानाध्यक्ष अखिलेश कुमार वर्मा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने दोनों मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पंचायतनामा और पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, मौके पर शांति व्यवस्था कायम है।

 

इस दर्दनाक हादसे ने पूरे गांव को झकझोर कर रख दिया है। एक ही परिवार के दो लोगों की असमय मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *