News 18 Plus/ Bureau/Maharajganj
आठ माह में 844 मोबाइल फोन बरामद कर पुलिस ने कायम की मिसाल, बरामद मोबाइलों की अनुमानित कीमत 2.31 करोड़ रुपये।
महराजगंज। पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी के निर्देशन में महराजगंज पुलिस ने तकनीक आधारित पुलिसिंग के जरिए गुमशुदा मोबाइल फोन की बरामदगी में बड़ी सफलता हासिल की है। सर्विलांस सेल और जनपद के विभिन्न थानों की संयुक्त टीम ने सीईआईआर (CEIR) पोर्टल एवं आधुनिक तकनीकी संसाधनों की मदद से 101 गुमशुदा मोबाइल फोन बरामद किए हैं। बरामद मोबाइलों की अनुमानित बाजार कीमत करीब 25 लाख रुपये बताई गई है। आवश्यक वैधानिक प्रक्रिया पूरी करने के बाद सभी मोबाइल उनके वास्तविक स्वामियों को सौंप दिए गए।
लंबे समय से गुम हुए मोबाइल वापस मिलने पर उनके मालिकों के चेहरे खिल उठे। मोबाइल स्वामियों ने महराजगंज पुलिस की इस पहल की सराहना करते हुए आभार जताया।
आठ माह में 844 मोबाइल बरामद, कीमत 2.31 करोड़ रुपये
पुलिस की ओर से जारी आंकड़ों के मुताबिक, पिछले आठ माह के दौरान जनपद में कुल 844 गुमशुदा मोबाइल फोन बरामद किए जा चुके हैं। इनकी अनुमानित बाजार कीमत करीब 2 करोड़ 31 लाख रुपये है। इस अभियान में सीईआईआर पोर्टल, सर्विलांस सेल और विभिन्न थानों पर तैनात पुलिसकर्मियों के समन्वित प्रयासों की अहम भूमिका रही। तकनीक के प्रभावी इस्तेमाल से पुलिस ने लोगों की खोई हुई संपत्ति वापस दिलाने में उल्लेखनीय सफलता हासिल की है।
सर्विलांस टीम की रही अहम भूमिका
मोबाइल बरामदगी अभियान में कं.ऑ. ग्रेड-बी शिवानन्द पासवान, मुख्य आरक्षी मो. कुतुबुद्दीन, मुख्य आरक्षी राजकुमार राजभर, मुख्य आरक्षी आलोक पाण्डेय, आरक्षी सुधीर कुमार यादव, आरक्षी सूरज गुप्ता और आरक्षी नीरज कुमार सहित जनपद के सभी थानों पर सीईआईआर पोर्टल से संबंधित कार्यों के लिए नियुक्त पुलिसकर्मियों का योगदान रहा।
मोबाइल गुम होने पर तत्काल करें शिकायत
महराजगंज पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि मोबाइल फोन गुम अथवा चोरी होने पर तत्काल सीईआईआर पोर्टल www.ceir.gov.in पर शिकायत दर्ज कराकर मोबाइल ब्लॉक कराने की प्रक्रिया अपनाएं और नजदीकी थाने को सूचना दें। मोबाइल का आईएमईआई नंबर, खरीद का बिल और अन्य जरूरी विवरण सुरक्षित रखें, ताकि मोबाइल की खोज एवं बरामदगी में आसानी हो सके।
इन वजहों से गुम होते हैं मोबाइल
पुलिस के अनुसार भीड़भाड़ वाले बाजारों, सब्जी मंडियों, साप्ताहिक बाजारों, बसों, ऑटो और टैक्सी में यात्रा के दौरान मोबाइल छूटना आम कारण हैं। इसके अलावा बाइक चलाते समय जेब से मोबाइल गिरना, शादी-विवाह और बारात में नृत्य के दौरान फोन छूट जाना, सार्वजनिक पार्कों, धार्मिक स्थलों और बड़े आयोजनों में भीड़ के बीच मोबाइल गिरना भी प्रमुख वजहें हैं। बच्चों द्वारा गेम खेलने के दौरान मोबाइल कहीं रखकर भूल जाना तथा नशे की स्थिति में फोन खो देना भी ऐसे मामलों में शामिल है।