*मतदान लोकतंत्र की ताकत, हर पात्र नागरिक जरूर करे मताधिकार का प्रयोग: डीएम!*

News 18 Plus/ Bureau/Maharajganj

 

पीजी कॉलेज में मतदाता जागरूकता अभियान के तहत छात्र-छात्राओं से किया संवाद, युवाओं से परिवार और आसपास के लोगों को मतदान के प्रति जागरूक करने की अपील।

 

महराजगंज। मतदाता जागरूकता अभियान के अंतर्गत शुक्रवार को जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जी.एन. ने पंडित जवाहरलाल नेहरू पीजी कॉलेज, महराजगंज में छात्र-छात्राओं को मतदान के महत्व और लोकतांत्रिक प्रक्रिया में उनकी भागीदारी के प्रति जागरूक किया। इस दौरान उन्होंने विद्यार्थियों से संवाद कर मताधिकार, लोकतंत्र में मतदान की भूमिका तथा स्वतंत्र, निष्पक्ष और निर्भीक मतदान के संबंध में विस्तार से जानकारी दी।

 

जिलाधिकारी ने कहा कि मतदान केवल नागरिक का अधिकार ही नहीं, बल्कि एक महत्वपूर्ण लोकतांत्रिक दायित्व भी है। लोकतंत्र की मजबूती प्रत्येक नागरिक की सक्रिय भागीदारी पर निर्भर करती है। जागरूक मतदाता अपने विवेक और स्वतंत्र विचारों के आधार पर योग्य जनप्रतिनिधि का चयन कर देश एवं समाज के विकास में महत्वपूर्ण योगदान देता है। इसलिए प्रत्येक पात्र नागरिक को अपने मताधिकार का अनिवार्य रूप से प्रयोग करना चाहिए।

 

उन्होंने विशेष रूप से युवा वर्ग और छात्र-छात्राओं से मतदाता जागरूकता अभियान का सक्रिय हिस्सा बनने की अपील की। कहा कि युवा अपने परिवार, रिश्तेदारों, पड़ोसियों और आसपास के लोगों को भी मतदान के प्रति जागरूक करें। मतदान के दौरान किसी भी प्रकार के प्रलोभन, दबाव अथवा भय से प्रभावित हुए बिना स्वतंत्र एवं निष्पक्ष निर्णय लेना चाहिए।

 

डीएम ने बताया कि ऐसे युवा, जो एक जनवरी 2027 को 18 वर्ष की आयु पूरी कर रहे हैं, वे मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज कराने के लिए आवेदन कर सकते हैं। प्रत्येक बूथ लेवल ऑफिसर (बीएलओ) के पास पर्याप्त संख्या में फॉर्म-6 उपलब्ध हैं। पात्र युवा फॉर्म-6 भरकर मतदाता सूची में अपना नाम शामिल करा सकते हैं। उन्होंने अन्य पात्र नागरिकों को भी मतदाता बनने के लिए प्रेरित करने का आह्वान किया।

 

इस अवसर पर जॉइंट मजिस्ट्रेट सदर ने भी छात्र-छात्राओं से लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने और शत-प्रतिशत मतदान के लक्ष्य को प्राप्त करने में सहयोग करने की अपील की। कार्यक्रम के प्रारंभ में महाविद्यालय के प्राचार्य अजय मिश्रा ने जिलाधिकारी को पुष्पगुच्छ भेंटकर स्वागत किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *