*100 दिवसीय टीबी मुक्त भारत अभियान को मिला बल: खजुरिया में लगा विशेष जांच शिविर, 63 लोगों की हुई स्क्रीनिंग।*

Bureau Report /Rakesh Tripathi/ News 18 Plus Mithora /Chief Editor 

 

महराजगंज /मिठौरा :सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मिठौरा की पहल पर ग्राम सभा खजुरिया में 100 दिवसीय टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत एक विशेष जांच शिविर का सफल आयोजन किया गया। शिविर में क्षेत्रीय लोगों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और कुल 63 संदिग्ध मरीजों की क्षय रोग (टीबी) की जांच कर उन्हें आवश्यक परामर्श एवं उपचार प्रदान किया गया।

 

यह शिविर अधीक्षक डॉ. डी.एन. सिंह के कुशल नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में आयोजित हुआ, जिनकी कार्यशैली और जनस्वास्थ्य के प्रति समर्पण क्षेत्र में एक मिसाल बन चुका है। डॉ. सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि टीबी जैसी गंभीर बीमारी को जड़ से समाप्त करने के लिए जनजागरूकता और समय पर जांच अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग की प्रतिबद्धता को दोहराते हुए कहा कि “हर व्यक्ति तक बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना हमारा लक्ष्य है, और इस दिशा में ऐसे शिविर महत्वपूर्ण कड़ी साबित हो रहे हैं।”

 

शिविर में उपस्थित डॉ. जबिबुल्लाह खान ने बताया कि शिविर समाप्त होने के बाद भी मरीजों के लिए अस्पताल में नियमित रूप से जांच व उपचार की सुविधाएं उपलब्ध रहेंगी, जिससे किसी भी मरीज को इलाज के लिए भटकना न पड़े।

 

वहीं, वरिष्ठ उपचार पर्यवेक्षक शिवेंद्र मिश्र ने कहा कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना और लोगों को निःशुल्क विशेषज्ञ सेवाएं उपलब्ध कराना है। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि “समय पर जांच ही गंभीर बीमारियों से बचाव का सबसे प्रभावी उपाय है।”

 

इस अवसर पर सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी आकिब जावेद, फार्मासिस्ट हरकेश कुमार, लैब टेक्नीशियन मंजय यादव एवं स्टाफ नर्स मधु पटेल सहित अन्य स्वास्थ्यकर्मियों ने सक्रिय सहभागिता निभाई और शिविर को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की।

 

जनस्वास्थ्य के प्रति जागरूकता और समर्पण का यह प्रयास ‘टीबी मुक्त भारत’ के लक्ष्य को साकार करने की दिशा में एक मजबूत कदम साबित हो रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *