*नेपाल से लाई जा रही 150 शीशी नेपाली शराब बरामद, दो तस्कर गिरफ्तार!*

News 18 Plus/ Bureau/Thuthibari

 

ठूठीबारी। सीमावर्ती क्षेत्र में अवैध शराब तस्करी के खिलाफ ठूठीबारी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए नेपाल से भारत लाई जा रही 150 शीशी अवैध नेपाली शराब बरामद की है। पुलिस ने मौके से दो तस्करों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 60/63 के तहत मुकदमा दर्ज किया है।

 

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान निचलौल थाना क्षेत्र के मेधौली कला निवासी राजू नट (28) पुत्र भोला नट और ठूठीबारी थाना क्षेत्र के डिगही निवासी अशोक यादव पुत्र जनार्दन यादव के रूप में हुई है।

 

जानकारी के अनुसार, लक्ष्मीपुर चौकी इंचार्ज उप निरीक्षक मनीष कुमार तिवारी के नेतृत्व में पुलिस टीम एसएसबी मार्ग पर गश्त कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि दो व्यक्ति नेपाल के हरखपुरा से पगडंडी के रास्ते अवैध नेपाली शराब लेकर भारत की सीमा में प्रवेश करने वाले हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने एसएसबी मार्ग के समीप गन्ने के खेत में छिपकर घेराबंदी कर दी।

 

कुछ देर बाद दो व्यक्ति पीठ पर बोरा लादे आते दिखाई दिए। पुलिस को देखते ही दोनों ने बोरा फेंककर भागने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस टीम ने पीछा कर दोनों को मौके पर ही दबोच लिया। तलाशी के दौरान राजू नट के बोरे से तीन पेटी में 90 शीशी तथा अशोक यादव के बोरे से दो पेटी में 60 शीशी बरामद हुईं। कुल पांच पेटियों में 150 शीशी (प्रत्येक 300 एमएल) किसमिस सौंफ ब्रांड की नेपाली शराब मिली।

 

पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि वे नेपाल से कम कीमत पर शराब खरीदकर भारत में बेचने का काम करते हैं। थानाध्यक्ष अमित कुमार सिंह ने बताया कि आरोपियों के पास शराब से संबंधित कोई वैध कागजात नहीं मिले। दोनों के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।

 

कार्रवाई करने वाली टीम में हेड कांस्टेबल सुनील कुमार यादव, कांस्टेबल दीपक कुमार सिंह, कांस्टेबल गौरव पासवान और कांस्टेबल अभिषेक पाण्डेय शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *