Bureau Report /Rajiv Tripathi /Nichlaul News 18 Plus /Co-Editor
भारत-नेपाल सीमा से 500 मीटर अंदर तिलबारी गांव के पास खेत में छिपाकर रखा गया था लहसुन, 1296 किलोग्राम माल जब्त।
महराजगंज/निचलौल। भारत-नेपाल सीमा पर तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत 22वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) की ‘ए’ समवाय पतलावा टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 72 बोरी चाइनीज लहसुन बरामद किया है। बरामद लहसुन का कुल वजन 1296 किलोग्राम बताया गया है। कार्रवाई के बाद बरामद माल को अग्रिम वैधानिक कार्रवाई के लिए सीमा शुल्क कार्यालय निचलौल को सुपुर्द कर दिया गया।
जानकारी के अनुसार, 8 सितंबर 2026 की रात करीब 9:50 बजे आसूचना शाखा से सूचना मिली थी कि भारत-नेपाल सीमा से करीब 500 मीटर अंदर तिलबारी गांव के बाहर खेत के पास एक छिपावदार स्थान पर चाइनीज लहसुन रखा गया है। सूचना यह भी थी कि लहसुन को पिकअप वाहन में लादकर किसी अन्य स्थान पर भेजने की तैयारी हो सकती है।
सूचना मिलते ही एसएसबी की टीम ने मौके पर पहुंचकर तलाशी अभियान चलाया। इस दौरान खेत के पास छिपाकर रखी गई 72 बोरी चाइनीज लहसुन बरामद हुई। बरामद माल को एकत्रित कर नियमानुसार जांच की गई। सीमा शुल्क कार्यालय निचलौल द्वारा तौल किए जाने पर इसका कुल वजन 1296 किलोग्राम निकला।
कार्रवाई में सहायक कमांडेंट संदीप सिंह, निरीक्षक (सा.) अरुण कुमार पाण्डेय, आरक्षी धर्मेंद्र कुमार राम, आरक्षी हसीबुर रहमान तथा चालक आरक्षी जीवन सिंह शामिल रहे।
एसएसबी ने बरामदगी एवं जब्ती संबंधी आवश्यक दस्तावेज तैयार करने के बाद पूरा माल सुरक्षित रूप से सीमा शुल्क कार्यालय निचलौल को सौंप दिया। अब मामले में सीमा शुल्क विभाग द्वारा नियमानुसार अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।