न्यूज़ 18प्लस ब्यूरो (सर्वेश चतुर्वेदी) गोरखपुर
ऑनलाइन दवाओं की बिक्री के विरोध में केमिस्टों द्वारा आगामी 20 मई को बुलाए गए ‘भारत बंद’ को अब मेडिकल एवं सेल्स प्रतिनिधियों का भी बड़ा समर्थन मिल गया है। उत्तर प्रदेश एवं उत्तराखंड मेडिकल एंड सेल्स रिप्रेजेंटेटिव एसोसिएशन (यूपीएमएसआरए) की गोरखपुर इकाई ने ऑल इंडिया ऑर्गनाइजेशन ऑफ केमिस्ट एंड ड्रगिस्ट (एआईओसीडी) के राष्ट्रव्यापी आंदोलन को अपना पूर्ण नैतिक समर्थन देने की घोषणा की है।
“केमिस्ट और मेडिकल प्रतिनिधि एक ही परिवार के दो अंग”
यूपीएमएसआरए गोरखपुर इकाई के अध्यक्ष अखिलेश उपाध्याय ने केमिस्टों और मेडिकल प्रतिनिधियों की एकजुटता पर जोर देते हुए कहा केमिस्ट और मेडिकल प्रतिनिधि एक ही परिवार के दो अंग हैं। केमिस्टों पर होने वाला कोई भी हमला हमारा भी नुकसान है। इसलिए इस जनहित और रोजगार बचाओ आंदोलन में हम एआईओसीडी की मांगों का पूरी तरह समर्थन करते हैं।
ऑनलाइन दवा आपूर्ति समाज के लिए गंभीर खतरा : प्रवीण द्विवेदी
एसोसिएशन के सचिव प्रवीण द्विवेदी ने जारी विज्ञप्ति में ऑनलाइन दवा बिक्री के दुष्प्रभावों पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि ई-फार्मेसी के बढ़ते प्रभाव से जहां पारंपरिक केमिस्ट बेरोजगारी की मार झेल रहे हैं, वहीं जनता तक नकली और घटिया गुणवत्ता की दवाएं पहुंचने का खतरा भी बढ़ गया है।
उन्होंने कहा कि नशीली दवाओं की अनियमित ऑनलाइन आपूर्ति आज समाज के लिए गंभीर चुनौती बनती जा रही है।
सरकारी नियमों के उल्लंघन का आरोप
विज्ञप्ति में सरकार की दोहरी नीति पर भी सवाल उठाए गए। सचिव ने कहा कि एक ओर बिना फार्मासिस्ट के लाइसेंस जारी नहीं किए जाते, वहीं दूसरी ओर ऑनलाइन दवा बिक्री को बढ़ावा देना कानून और औषधि नियमों का खुला उल्लंघन है।
20 मई को सड़कों पर दिखेगी साझा ताकत
यूपीएमएसआरए गोरखपुर इकाई ने सर्वसम्मति से निर्णय लिया है कि 20 मई को जिले के सभी मेडिकल प्रतिनिधि अपने केमिस्ट भाइयों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़े रहेंगे। आंदोलन को सफल बनाने के लिए एसोसिएशन हरसंभव सहयोग प्रदान करेगी, ताकि इस साझा संघर्ष को निर्णायक मोड़ तक पहुंचाया जा सके।