न्यूज़ 18प्लस ब्यूरो: राकेश त्रिपाठी कोठीभार
महराजगंज जनपद के सिसवा क्षेत्र स्थित कोठीभार थाना परिसर में आगामी Eid al-Adha (बकरीद) पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में सम्पन्न कराने के उद्देश्य से पीस कमेटी की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता एसडीएम सिद्धार्थ गुप्ता ने की, जबकि क्षेत्राधिकारी निचलौल अनिरुद्ध पटेल एवं थानाध्यक्ष अखिलेश कुमार वर्मा विशेष रूप से मौजूद रहे। बैठक में क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों, धर्मगुरुओं, जनप्रतिनिधियों एवं पीस कमेटी के सदस्यों ने सहभागिता की।
बैठक को संबोधित करते हुए एसडीएम सिद्धार्थ गुप्ता ने कहा कि बकरीद आपसी भाईचारे, त्याग और सामाजिक समरसता का पर्व है। उन्होंने लोगों से अपील करते हुए कहा कि सभी नागरिक शासन-प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए त्योहार मनाएं, ताकि क्षेत्र में शांति एवं सौहार्द का माहौल कायम रहे। उन्होंने स्पष्ट कहा कि किसी भी प्रकार की अफवाह, विवाद या असामाजिक गतिविधि की सूचना तत्काल प्रशासन को दें, जिससे समय रहते कार्रवाई की जा सके। एसडीएम ने यह भी कहा कि प्रशासन पूरी तरह सतर्क है और पर्व को सकुशल सम्पन्न कराने के लिए हर आवश्यक व्यवस्था की जा रही है।
वहीं क्षेत्राधिकारी निचलौल अनिरुद्ध पटेल ने कहा कि पुलिस प्रशासन की प्राथमिकता क्षेत्र में अमन-चैन बनाए रखना है। उन्होंने लोगों से सोशल मीडिया पर भ्रामक अथवा भड़काऊ पोस्ट साझा न करने की अपील की और कहा कि संवेदनशील स्थानों पर पुलिस की विशेष निगरानी रहेगी। सीओ ने कहा कि त्योहार के दौरान कानून व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि पुलिस और जनता के आपसी सहयोग से ही हर पर्व शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न होता है।
थानाध्यक्ष अखिलेश कुमार वर्मा ने अपने संबोधन में कहा कि कोठीभार पुलिस क्षेत्र में पूरी मुस्तैदी के साथ तैनात रहेगी और हर छोटी-बड़ी गतिविधि पर नजर रखी जाएगी। उन्होंने लोगों से अपील करते हुए कहा कि त्योहार को प्रेम, सद्भाव और आपसी सम्मान के साथ मनाएं तथा किसी भी समस्या की स्थिति में तुरंत पुलिस को सूचित करें। उन्होंने कहा कि पुलिस जनता की सुरक्षा और सहयोग के लिए हर समय उपलब्ध है तथा किसी भी व्यक्ति को कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने की अनुमति नहीं दी जाएगी।
बैठक के अंत में प्रशासनिक अधिकारियों ने उपस्थित लोगों से बकरीद पर्व को सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाने एवं प्रशासन का सहयोग करने की अपील की।