महराजगंज पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 665 वाहनों का चालान, 70 अभियुक्त गिरफ्तार।

न्यूज़ 18 प्लस रिपोर्ट नरसिंह उपाध्याय महराजगंज

 

जनपद में कानून व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के लिए महराजगंज पुलिस द्वारा व्यापक अभियान चलाया गया। यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करते हुए पुलिस ने 665 वाहनों का चालान किया तथा 01 वाहन को सीज किया। चेकिंग अभियान के दौरान बिना हेलमेट, तीन सवारी, तेज रफ्तार एवं क्षमता से अधिक सवारी बैठाने वाले वाहन चालकों पर कार्रवाई की गई।

 

शांति व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से पुलिस ने विभिन्न थाना क्षेत्रों से 69 व्यक्तियों को धारा 170 बीएनएसएस के तहत गिरफ्तार कर न्यायालय भेजा। वहीं 16 व्यक्तियों के विरुद्ध धारा 34 पुलिस एक्ट तथा 01 व्यक्ति के खिलाफ धारा 129-जी बीएनएसएस के तहत कार्रवाई की गई।

 

मिशन शक्ति अभियान के अंतर्गत महिलाओं और बालिकाओं को नारी सुरक्षा, सम्मान एवं स्वावलंबन के प्रति जागरूक किया गया। सार्वजनिक स्थलों पर पुलिस टीमों ने संवाद कर सुरक्षा संबंधी जानकारी दी।

 

पुलिस द्वारा जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में पैदल गश्त भी की गई। इस दौरान बैंक, एटीएम, ग्राहक सेवा केंद्रों एवं भीड़-भाड़ वाले स्थानों पर सघन चेकिंग अभियान चलाया गया। व्यापारियों एवं आम नागरिकों से संवाद स्थापित कर अतिक्रमण हटाने और यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखने में सहयोग की अपील की गई।

 

इसके अलावा पुलिस अधिकारियों ने शांति समिति की बैठकों में संभ्रांत नागरिकों, धर्मगुरुओं, जनप्रतिनिधियों एवं किसानों के साथ संवाद कर सौहार्दपूर्ण वातावरण बनाए रखने और अफवाहों से दूर रहने की अपील की।

 

थाना भिटौली पुलिस ने बेलवा बुजुर्ग निवासी अभियुक्त सुभाष चन्द्र को 20 पाउच अवैध देशी शराब के साथ गिरफ्तार किया। आरोपी के विरुद्ध आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की गई।

 

लंबित मामलों के निस्तारण अभियान के तहत विभिन्न थानों द्वारा कुल 17 विवेचनाओं का निस्तारण किया गया। वहीं 20/21 मई 2026 को विभिन्न अपराधों में कुल 70 अभियुक्तों को गिरफ्तार कर उनके विरुद्ध विधिक कार्रवाई की गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *