महराजगंज पुलिस का सख्त अभियान: 495 वाहनों का चालान, 42 अभियुक्त गिरफ्तार

रिपोर्ट नरसिंह उपाध्याय महराजगंज 

 

जनपद में कानून व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाए रखने के लिए महराजगंज पुलिस द्वारा व्यापक अभियान चलाया गया। यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों, संदिग्ध व्यक्तियों तथा शांति व्यवस्था भंग करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की गई। साथ ही मिशन शक्ति अभियान, पैदल गश्त और जनसंवाद कार्यक्रम के जरिए आमजन से सीधा संवाद स्थापित किया गया।

 

यातायात नियम तोड़ने वालों पर कार्रवाई

 

जनपद के विभिन्न थाना क्षेत्रों में पुलिस द्वारा सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाया गया। इस दौरान बिना हेलमेट, तीन सवारी, बिना लाइसेंस, ओवरलोडिंग और तेज रफ्तार जैसे यातायात नियमों का उल्लंघन करने पर कुल 495 वाहनों का चालान किया गया। पुलिस ने संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की भी गहन जांच की।

 

शांति भंग की आशंका में 42 लोग गिरफ्तार

 

पुलिस ने विभिन्न थाना क्षेत्रों में शांति व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से कार्रवाई करते हुए 42 व्यक्तियों को धारा 170 बीएनएसएस के तहत गिरफ्तार कर न्यायालय भेजा। इसके अलावा 38 व्यक्तियों के खिलाफ धारा 34 पुलिस एक्ट तथा 10 लोगों पर धारा 129 जी बीएनएसएस के अंतर्गत कार्रवाई की गई।

 

मिशन शक्ति अभियान के तहत जागरूकता

 

महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान एवं स्वावलंबन को बढ़ावा देने के लिए पुलिस टीमों ने सार्वजनिक स्थलों पर जाकर लोगों को जागरूक किया। मिशन शक्ति अभियान के तहत साइबर अपराध, महिला सुरक्षा और हेल्पलाइन संबंधी जानकारी भी दी गई।

 

पैदल गश्त कर लिया सुरक्षा व्यवस्था का जायजा

 

जनपद के सभी थाना प्रभारियों एवं पुलिस टीमों ने अपने-अपने क्षेत्रों में पैदल गश्त किया। इस दौरान बाजारों, बैंक, एटीएम, ग्राहक सेवा केंद्रों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था की जांच की गई। व्यापारियों और आम नागरिकों से संवाद कर उनकी समस्याएं भी सुनी गईं। पुलिस ने लोगों से अतिक्रमण हटाने और यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखने में सहयोग की अपील की।

 

जनसंवाद और शांति समिति बैठक

 

जनपद में शांति एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण बनाए रखने के लिए पुलिस अधिकारियों ने संभ्रांत व्यक्तियों, धर्मगुरुओं, जनप्रतिनिधियों, किसानों एवं कास्तकारों के साथ शांति समिति की बैठकें कीं। लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और सामाजिक सौहार्द बनाए रखने की अपील की गई।

 

श्यामदेउरवा पुलिस की बड़ी कार्रवाई

 

थाना श्यामदेउरवा पुलिस ने सूरज यादव निवासी बभनौली एवं रुपेश सिंह निवासी मंगलपुर के विरुद्ध 3/4 गुण्डा अधिनियम के तहत कार्रवाई करते हुए मुकदमा पंजीकृत किया।

 

लंबित विवेचनाओं का निस्तारण

 

पुलिस द्वारा चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत विभिन्न थानों में लंबित मामलों की समीक्षा कर 19 विवेचनाओं का निस्तारण किया गया।

 

विभिन्न अपराधों में 42 अभियुक्त गिरफ्तार

 

21 और 22 मई 2026 के दौरान जनपद पुलिस ने अलग-अलग अपराधों में कुल 42 अभियुक्तों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ विधिक कार्रवाई की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *