*“सीमा पर सोलर लूट! खेत से 6 पैनल गायब, निचलौल पुलिस अब तक खाली हाथ”*

Bureau Report /Rakesh Tripathi/ Nichlaul /Chief Editor 

 

निचलौल थाना क्षेत्र के मिश्रौलिया में चोरी से किसानों में दहशत, शिकायत के बाद भी नहीं पकड़े गए चोर!

महराजगंज। भारत-नेपाल सीमा से सटे निचलौल थाना क्षेत्र के मिश्रौलिया (टोला) गुलरभार सिवान में चोरों के हौसले इतने बुलंद हो गए हैं कि अब किसानों के खेत भी सुरक्षित नहीं रह गए। ताजा मामला सामने आया है, जहां एक किसान के खेत में लगे सोलर पैनलों को निशाना बनाते हुए चोर पूरी तैयारी के साथ वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए।

 

मिश्रौलिया गांव निवासी हरिओम पांडेय ने बताया कि उन्होंने कृषि योजना के तहत अपने गन्ने के खेत में 52 वाट के कुल छह सोलर पैनल लगवाए थे। आरोप है कि 21 मई की रात अज्ञात चोर खेत में घुसे और सभी छह पैनलों को उखाड़कर ले गए। सुबह जब वह खेत पहुंचे तो वहां सिर्फ पिलर खड़े मिले, पैनल पूरी तरह गायब थे।

 

घटना के बाद पीड़ित ने आसपास काफी खोजबीन की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद 22 मई को पुलिस को तहरीर दी गई, लेकिन हैरानी की बात यह है कि कई दिन बीत जाने के बावजूद चोर अभी तक पुलिस की पकड़ से बाहर हैं।

 

इस घटना के बाद इलाके के किसानों में जबरदस्त आक्रोश और भय का माहौल है। लोगों का कहना है कि सीमा से सटे इलाकों में लगातार हो रही चोरियों पर लगाम लगाने में पुलिस नाकाम साबित हो रही है।

 

वहीं, थाना प्रभारी अंकित सिंह का कहना है कि मामले की जानकारी मिल चुकी है और पुलिस आसपास के क्षेत्रों में जांच कर रही है। उन्होंने जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी का दावा किया है।

सवाल उठता है:

क्या किसानों की मेहनत यूं ही चोरों के हवाले होती रहेगी? और आखिर कब जागेगी पुलिस?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *