Bureau Report/ Rajiv Tripathi /Maharajganj News 18 Plus /Co-Editor
महाराजगंज जनपद में साइबर अपराध के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत महराजगंज पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। साइबर थाना पुलिस ने ऐसे गिरोह का पर्दाफाश किया है, जो साइबर ठगी से प्राप्त धनराशि को विभिन्न खातों में मंगाकर उसकी निकासी करता था। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि गिरोह के दो अन्य सदस्य अभी फरार बताए जा रहे हैं। उनकी तलाश में पुलिस टीम लगातार दबिश दे रही है।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी लोगों को डॉलर एक्सचेंज कर भारतीय मुद्रा खाते में भेजने का झांसा देते थे। इसके जरिए साइबर ठगी से हासिल रकम अपने और परिचितों के खातों में ट्रांसफर कराकर नकदी निकाल लेते थे और बाद में रकम का आपस में बंटवारा कर लेते थे।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अकिल पुत्र जैनुल्लाह तथा तौसिफ पुत्र अकिल निवासी वार्ड नंबर-11 जुगौली, थाना सोनौली, जनपद महराजगंज के रूप में हुई है।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो मोबाइल फोन और एक नेपाली सिम कार्ड बरामद किया है। मामले में साइबर क्राइम थाना में बीएनएस की धारा 318(4), 61(2)(बी) तथा आईटी एक्ट की धारा 66D के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
इस कार्रवाई में निरीक्षक सजनू यादव, उपनिरीक्षक सचिन कुमार, कांस्टेबल पियूषनाथ तिवारी, प्रदीप कुमार और संतोष शर्मा की टीम शामिल रही।