Bureau Report /Rakesh Tripathi /Maharajganj News 18 Plus /Chief Editor
महराजगंज, 19 जून 2026। स्कूली छात्र-छात्राओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से महराजगंज यातायात पुलिस ने शुक्रवार को नगर क्षेत्र में विशेष चेकिंग अभियान चलाया। पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में संचालित इस अभियान के दौरान विभिन्न स्कूलों एवं कॉलेजों की बसों की गहन जांच की गई तथा सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित कराया गया।
चेकिंग के दौरान बसों के फिटनेस प्रमाणपत्र, वैध बीमा एवं चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस की जांच की गई। साथ ही बसों में सीसीटीवी कैमरा, अग्निशामक यंत्र तथा फर्स्ट एड बॉक्स जैसी आवश्यक सुरक्षा व्यवस्थाओं का भी निरीक्षण किया गया।
यातायात पुलिस ने वाहन चालकों एवं स्कूल प्रबंधन को निर्देशित किया कि सभी स्कूली बसों में सीसीटीवी कैमरे क्रियाशील स्थिति में लगाए जाएं तथा वाहनों का संचालन निर्धारित गति सीमा के भीतर ही किया जाए। इसके अलावा आपात स्थिति से निपटने के लिए अग्निशामक यंत्र एवं पर्याप्त दवाओं से युक्त फर्स्ट एड बॉक्स हर समय उपलब्ध रखने के निर्देश दिए गए।
अभियान के दौरान जिन वाहनों में सुरक्षा मानकों की अनदेखी या नियमों का उल्लंघन पाया गया, उनके विरुद्ध यातायात नियमों के तहत चालानी एवं विधिक कार्रवाई की गई।
यातायात पुलिस ने कहा कि छात्र-छात्राओं की सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करने के लिए भविष्य में भी इस प्रकार के औचक निरीक्षण एवं चेकिंग अभियान लगातार जारी रहेंगे।