Bureau Report /Rakesh Tripathi/ Maharajganj News 18 Plus/ Chief Editor
महराजगंज, 18 जून 2026। मुहर्रम सहित आगामी पर्वों के दृष्टिगत जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल और पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी द्वारा कलेक्ट्रेट सभागार में विभिन्न समुदायों के साथ पीस कमेटी की बैठक आयोजित की गई।
बैठक को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि सभी लोग त्योहारों के दौरान शासन द्वारा निर्धारित गाइडलाइंस का अनुपालन सुनिश्चित करें। किसी भी दशा में गैर परंपरागत आयोजन और जुलूसों को अनुमति नहीं दी जाएगी। आयोजकों को प्रशासन द्वारा निर्धारित रूट चार्ट और समय सारिणी का अनिवार्य रूप से पालन करना होगा। जुलूस में डीजे की आवाज मानक के अनुरूप रखी जाए तथा झंडा लगाने के लिए धातु या विद्युत संचालकों का प्रयोग न किया जाए। ताजियों की ऊंचाई भी निर्धारित मानकों के अनुसार ही रखने के निर्देश दिए गए।
उन्होंने स्पष्ट किया कि त्योहारों के दौरान कोई भी ऐसा कार्य न किया जाए जिससे किसी की भावनाएं आहत हों या कानून व्यवस्था प्रभावित हो। सोशल मीडिया पर प्रशासन की कड़ी निगरानी रहेगी, इसलिए आपत्तिजनक पोस्ट करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। मुहर्रम जुलूस में अस्त्र-शस्त्र के प्रयोग पर भी पूर्ण प्रतिबंध रहेगा।
जिलाधिकारी ने सभी एसडीएम और सीओ को थानों पर बैठक कर लोगों को आवश्यक निर्देशों से अवगत कराने तथा संवेदनशील क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण करने के निर्देश दिए। साथ ही सड़कों पर लगे अनावश्यक झंडे, पोस्टर और बैनर हटाने तथा विद्युत विभाग को जुलूस मार्गों पर खंभों और तारों की जांच व मरम्मत कराने को कहा गया।
पुलिस अधीक्षक ने दोनों समुदायों से आपसी भाईचारे के साथ पर्व मनाने की अपील करते हुए कहा कि किसी नई परंपरा की शुरुआत न की जाए और जुलूसों में अराजक तत्वों को दूर रखा जाए। किसी भी प्रकार की आशंका होने पर तत्काल पुलिस को सूचना देने को कहा गया। साथ ही सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने या उस पर ध्यान देने से बचने की अपील की गई।
बैठक से पूर्व दोनों समुदायों के प्रबुद्ध जनों ने अपनी समस्याएं और सुझाव रखे तथा प्रशासन को आश्वस्त किया कि त्योहारों को सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाया जाएगा।
बैठक का संचालन शमशुल हुदा ने किया। इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी (वि/रा) डॉ. प्रशांत कुमार, अपर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ, सभी एसडीएम, सीओ तथा अन्य प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी एवं विभिन्न समुदायों के प्रबुद्धजन उपस्थित रहे।