गौशाला में गायों की मौत पर फूटा गुस्सा, कार्रवाई न होने से नाराज बजरंग दल कार्यकर्ता टावर पर चढ़ा।

Bureau Report /Anubhav Patel /Nichlaul Correspondent /News 18 Plus 

 

मदनपुर गोसदन प्रकरण ने पकड़ा तूल, प्रशासन में मचा हड़कंप; दोषी अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग तेज!

 

निचलौल/महराजगंज मदनपुर गोसदन में लगातार हो रही गायों की मौत और जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई न होने से नाराज बजरंग दल के एक कार्यकर्ता ने सोमवार को जिलाधिकारी कार्यालय के बगल स्थित मोबाइल टावर पर चढ़कर विरोध प्रदर्शन किया। अचानक हुई इस घटना से प्रशासनिक अमले में हड़कंप मच गया और मौके पर अधिकारियों व पुलिसकर्मियों की भीड़ जुट गई।

 

जानकारी के अनुसार, 20 जून को मदनपुर गोसदन में दो गायों की मौत हो गई थी, जबकि एक अन्य गाय की हालत गंभीर बताई गई थी। घटना के बाद बजरंग दल कार्यकर्ताओं ने गोसदन की व्यवस्थाओं पर सवाल उठाते हुए विरोध प्रदर्शन किया था तथा जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की थी। कार्यकर्ताओं का आरोप है कि कई दिन बीत जाने के बावजूद प्रशासन की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई, जिससे संगठन में भारी नाराजगी व्याप्त है।

 

बजरंग दल कार्यकर्ताओं का आरोप है कि जब वे गौवंशों की मौत को लेकर धरना-प्रदर्शन कर रहे थे, तब सदर एसडीएम द्वारा उन्हें धमकाया गया। इस कथित व्यवहार से कार्यकर्ताओं का आक्रोश और बढ़ गया। इसी के विरोध में एक कार्यकर्ता टावर पर चढ़ गया और दोषी अधिकारियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग करने लगा।

 

कार्यकर्ताओं ने यह भी दावा किया कि लगभग आठ माह पूर्व भी मदनपुर गोसदन में बड़ी संख्या में गायों की मौत का मामला सामने आया था। उस समय गोसदन परिसर से भारी मात्रा में हड्डियां मिलने का आरोप भी लगा था। तब भी संगठन ने आंदोलन किया था, लेकिन उनकी मांगों के अनुरूप कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई।

 

गौवंशों की मौत और प्रशासनिक उदासीनता के आरोपों को लेकर अब यह मामला राजनीतिक और सामाजिक चर्चा का विषय बन गया है। टावर पर चढ़े कार्यकर्ता को सुरक्षित नीचे उतारने तथा स्थिति को नियंत्रित करने के लिए प्रशासनिक अधिकारी लगातार प्रयास में जुटे रहे। वहीं, बजरंग दल ने चेतावनी दी है कि यदि दोषियों पर जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन और तेज किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *