*मोहर्रम को लेकर निचलौल में पुलिस का फ्लैग मार्च, सुरक्षा व्यवस्था का लिया गया जायजा।*

Bureau Report /Rakesh Tripathi /Nichlaul News 18 Plus /Chief Editor 

 

निचलौल (महराजगंज) आगामी मोहर्रम पर्व के मद्देनजर जिले में शांति और सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है। इसी क्रम में सोमवार को पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी ने निचलौल कस्बे में भारी पुलिस बल के साथ फ्लैग मार्च निकाला।

 

फ्लैग मार्च के दौरान पुलिस टीम ने कस्बे के प्रमुख चौराहों, संवेदनशील क्षेत्रों और भीड़भाड़ वाले स्थानों का भ्रमण कर सुरक्षा इंतजामों का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने लोगों से संवाद कर त्योहार को आपसी सौहार्द, शांति और भाईचारे के साथ मनाने की अपील की तथा सुरक्षा को लेकर भरोसा दिलाया।

 

पुलिस अधीक्षक ने मोहर्रम के अवसर पर निकलने वाले ताजिया जुलूसों के निर्धारित मार्गों का भी निरीक्षण किया। इस दौरान यातायात प्रबंधन, बैरिकेडिंग, प्रकाश व्यवस्था और अन्य आवश्यक सुविधाओं की समीक्षा की गई। संबंधित अधिकारियों को जुलूस के दौरान किसी प्रकार की अव्यवस्था न होने देने के निर्देश दिए गए।

 

फ्लैग मार्च के दौरान पुलिसकर्मियों ने क्षेत्र में पैदल गश्त कर संदिग्ध गतिविधियों और वाहनों पर नजर रखी। ड्यूटी पर तैनात अधिकारियों एवं कर्मचारियों को पूरी सतर्कता और जिम्मेदारी के साथ कार्य करने के निर्देश भी दिए गए।

 

एसपी ने कहा कि मोहर्रम के दौरान जिले में पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की गई है। उन्होंने चेतावनी दी कि अफवाह फैलाने, माहौल खराब करने या कानून-व्यवस्था भंग करने की कोशिश करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

 

इस अवसर पर रविंद्र कुमार सिंह, थानाध्यक्ष निचलौल तथा अन्य पुलिस अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *