News 18 Plus/ Bureau, Siswa Kothibar
महराजगंज। कोठीभार थाना क्षेत्र के गुरली-रमगढ़वा के पास रेलवे ट्रैक पर एक बुजुर्ग की ट्रेन से टकराकर दर्दनाक मौत हो गई। घटना गुरुवार सुबह करीब 10 बजे की बताई जा रही है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा व पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू कर दी।
जानकारी के अनुसार सिसवा बाजार-खड्डा रेलखंड के किलोमीटर संख्या 324/0-4 पर एक व्यक्ति के ट्रेन की चपेट में आने की सूचना प्वाइंट्समैन अरुण कुमार पटेल द्वारा पुलिस को मेमो के माध्यम से दी गई। सूचना मिलते ही कोठीभार पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
जांच के दौरान मृतक की पहचान द्वारिका (65 वर्ष) पुत्र श्यामलाल निवासी सबया टोला बुचिया, थाना कोठीभार के रूप में हुई। स्थानीय लोगों के अनुसार मृतक शराब का अत्यधिक सेवन करता था। आशंका जताई जा रही है कि नशे की हालत में रेलवे ट्रैक के समीप पहुंचने के दौरान वह ट्रेन की चपेट में आ गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। समाचार लिखे जाने तक मृतक के परिजनों की ओर से कोई तहरीर नहीं दी गई थी। घटना स्थल पर शांति व्यवस्था सामान्य बनी हुई है।