*मुंडन समारोह में गया था परिवार, सूने मकान से लाखों के जेवर व नकदी चोरी।*

Bureau Report /Dilip Kumar Pandey Correspondent /News 18 Plus 

 

 

-पुरंदरपुर थाना क्षेत्र के एकमा लक्ष्मीपुर गांव की घटना, पीड़ित ने पुलिस को दी तहरीर; जांच में जुटी पुलिस!

 

लक्ष्मीपुर/महराजगंज पुरंदरपुर थाना क्षेत्र के ग्राम एकमा लक्ष्मीपुर में चोरों ने एक बंद मकान को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये मूल्य के जेवरात और नकदी पर हाथ साफ कर दिया। घटना की जानकारी होने पर क्षेत्र में हड़कंप मच गया। पीड़ित ने पुरंदरपुर पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।

तहरीर के अनुसार गांव निवासी राजू कनौजिया अपने परिवार के साथ बुधवार शाम एक मुंडन समारोह में शामिल होने गए थे। घर में ताला बंद कर परिवार के बाहर रहने का फायदा उठाते हुए अज्ञात चोरों ने मुख्य दरवाजे का ताला तोड़ दिया और घर में रखे सोने-चांदी के आभूषण, मंगलसूत्र, पायल, अंगूठी समेत अन्य कीमती सामान और नकदी चोरी कर ले गए।

देर रात घर लौटने पर परिवार को घटना की जानकारी हुई। घर का सामान बिखरा पड़ा था और अलमारी के ताले भी टूटे मिले। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया।

पीड़ित ने अज्ञात चोरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर चोरी गए सामान की बरामदगी की मांग की है। वहीं पुरंदरपुर पुलिस का कहना है कि तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। आसपास के संदिग्धों और गतिविधियों की जानकारी जुटाई जा रही है तथा जल्द ही घटना का खुलासा करने का प्रयास किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *