ब्यूरो रिपोर्ट/ राकेश त्रिपाठी /महाराजगंज न्यूज़ 18प्लस/ मुख्य सम्पादक
क्षेत्राधिकारी फरेंदा ने बाल कल्याण पुलिस अधिकारियों को दिए निर्देश, गुमशुदा बच्चों की बरामदगी और बाल अपराधों की रोकथाम को सर्वोच्च प्राथमिकता!
महराजगंज। बच्चों की सुरक्षा, संरक्षण और किशोर न्याय व्यवस्था को अधिक प्रभावी एवं संवेदनशील बनाने के उद्देश्य से पुलिस लाइन सभागार में विशेष किशोर पुलिस इकाई (SJPU) की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता क्षेत्राधिकारी फरेंदा दीपशिखा वर्मा ने की। इसमें जनपद के सभी थानों के नामित बाल कल्याण पुलिस अधिकारी (CWPO), महिला पुलिसकर्मी एवं संबंधित अधिकारियों ने भाग लिया।
बैठक में किशोर न्याय (बालकों की देखरेख एवं संरक्षण) अधिनियम-2015, बच्चों के विरुद्ध अपराधों की रोकथाम, गुमशुदा एवं परित्यक्त बच्चों की बरामदगी, बाल श्रम, बाल विवाह, मानव तस्करी, बाल यौन शोषण तथा संकटग्रस्त बच्चों को त्वरित सहायता उपलब्ध कराने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।
क्षेत्राधिकारी ने कहा कि प्रत्येक बच्चे को सुरक्षित बचपन और सम्मानजनक जीवन का अधिकार है। बच्चों से जुड़े मामलों में पुलिस की भूमिका केवल कानून लागू करने तक सीमित नहीं, बल्कि एक संवेदनशील संरक्षक की भी है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक मामले में मानवीय दृष्टिकोण अपनाते हुए त्वरित, निष्पक्ष और प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करें तथा बाल संरक्षण से जुड़ी संस्थाओं के साथ बेहतर समन्वय बनाए रखें।
बैठक में यह भी निर्देशित किया गया कि थानों पर आने वाले बच्चों एवं उनके परिजनों के साथ मित्रवत व्यवहार किया जाए, गुमशुदा बच्चों की शीघ्र बरामदगी को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए तथा “बच्चों की सुरक्षा-सम्मान, महराजगंज पुलिस का संकल्प” की भावना के साथ कार्य किया जाए।