Bureau Report/ Rajiv Tripathi /Maharajganj News 18 Plus/ Co-Editor
सदर तहसील सभागार में हुआ कार्यक्रम, व्यापारियों को सरकार की योजनाओं की दी गई जानकारी।
महराजगंज। राज्यकर विभाग के तत्वावधान में दानवीर भामाशाह की जयंती के अवसर पर सोमवार को सदर तहसील सभागार में व्यापारी कल्याण दिवस का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सदर विधायक जयमंगल कन्नौजिया ने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
इस अवसर पर ग्लोबटेक क्रियेशंस के डायरेक्टर अरविंद सिंह, एस.के. मोटर्स के परमजीत सिंह, विनायक स्टोर्स की सरस्वती अग्रवाल, ब्रिज आयरन एंड स्टील के सौरभ कुमार अग्रवाल सहित कुल 10 उद्यमियों को भामाशाह पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सदर विधायक ने कहा कि व्यापारी किसी भी देश की अर्थव्यवस्था की रीढ़ होते हैं और उनके सहयोग के बिना आर्थिक विकास संभव नहीं है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री द्वारा भी व्यापारियों को “वेल्थ क्रिएटर्स” बताते हुए राष्ट्र निर्माण में उनकी भूमिका को महत्वपूर्ण माना गया है। इसी सोच के अनुरूप उत्तर प्रदेश सरकार दानवीर भामाशाह की जयंती पर व्यापारी कल्याण दिवस का आयोजन कर रही है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जिला प्रशासन व्यापारियों की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए प्रतिबद्ध है।
कार्यक्रम में व्यापारी पशुपतिनाथ गुप्ता, अनिल गुप्ता, विजय जायसवाल एवं फूलचंद अग्रवाल सहित अन्य उद्यमियों ने भी अपने विचार व्यक्त किए। राज्यकर विभाग के अधिकारियों ने व्यापारियों को उनकी सुरक्षा तथा सरकार द्वारा व्यापार एवं उद्योग के हित में संचालित योजनाओं की जानकारी दी।
कार्यक्रम के दौरान सूचना एवं संस्कृति विभाग के मान्यता प्राप्त कलाकार सच्चिदानंद पाण्डेय ने सांस्कृतिक प्रस्तुति देकर माहौल को आकर्षक बनाया।
अंत में उपायुक्त राज्यकर हरिशंकर प्रसाद ने सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर परियोजना निदेशक रामदरश चौधरी, एसडीएम सदर जितेंद्र कुमार, सहायक आयुक्त राज्यकर प्रियंका श्रीवास्तव तथा विभिन्न व्यापार मंडलों के अध्यक्ष एवं पदाधिकारी सहित बड़ी संख्या में व्यापारी उपस्थित रहे।