Bureau Report/ Rakesh Tripathi /Maharajganj News 18 Plus /Chief Editor
महराजगंज, 30 जून जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, महराजगंज के सचिव सुनील कुमार नागर ने मंगलवार को जिला कारागार का निरीक्षण कर बंदियों की सुविधाओं, साफ-सफाई और विधिक सहायता संबंधी व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान महिला बंदियों की समस्याएं सुनकर उनके शीघ्र समाधान के लिए जेल प्रशासन को आवश्यक निर्देश दिए गए।
यह निरीक्षण माननीय उच्च न्यायालय, इलाहाबाद तथा उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ के निर्देशों के अनुपालन में जिला न्यायाधीश के निर्देशन में किया गया।
निरीक्षण के दौरान सचिव ने बाल बैरक और महिला बैरक का विस्तृत निरीक्षण किया। बाल बैरक में मौजूद बंदियों से उनकी आयु संबंधी जानकारी ली गई, जिसमें कोई भी किशोर बंदी नहीं पाया गया। महिला बैरक में प्रत्येक महिला बंदी से व्यक्तिगत रूप से बातचीत कर उनकी समस्याएं जानी गईं और उनके उचित समाधान के लिए जेल अधीक्षक को आवश्यक निर्देश दिए गए।
सचिव ने बंदियों को बताया कि जो भी अभियुक्त आर्थिक रूप से अधिवक्ता रखने में सक्षम नहीं हैं, वे जेल अधीक्षक के माध्यम से जिला विधिक सेवा प्राधिकरण को आवेदन भेजकर निःशुल्क विधिक सहायता प्राप्त कर सकते हैं।
निरीक्षण के दौरान बैरकों की साफ-सफाई एवं अन्य व्यवस्थाएं संतोषजनक पाई गईं। सचिव ने स्वच्छता और बंदियों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं पर संतोष व्यक्त किया।
इस अवसर पर डिप्टी चीफ लीगल एड डिफेंस काउंसिल आशुतोष पाण्डेय, सहायक लीगल एड डिफेंस काउंसिल ज्ञानेन्द्र कुमार मिश्र एवं नौशाद आलम, जेल अधीक्षक बी.के. गौतम, प्रभारी जेलर रत्ना सिंह, डिप्टी जेलर अविनाश, राम उग्गन तथा जेल चिकित्सक डॉ. श्याम बाबू उपस्थित रहे।