जिला अस्पताल के डॉक्टर पर अभद्र भाषा के आरोप, मुख्य चिकित्साधिकारी से शिकायत!

 

सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारियों के समूह में कथित अशोभनीय टिप्पणी का मामला, निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग।

 

न्यूज़ 18प्लस ब्यूरो/महराजगंज

 

महराजगंज। जिला अस्पताल में तैनात डॉक्टर कुंदन कुमार झां के खिलाफ सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारियों (सीएचओ) के एक व्हाट्सऐप समूह में कथित रूप से अभद्र एवं अशोभनीय भाषा के प्रयोग का आरोप लगाया गया है। इस संबंध में सीएचओ की ओर से मुख्य चिकित्साधिकारी को लिखित शिकायत देकर मामले की निष्पक्ष जांच कराकर दोष सिद्ध होने पर उचित कार्रवाई की मांग की गई है।

 

शिकायत में आरोप लगाया गया है कि व्हाट्सऐप समूह में सीएचओ संवर्ग की गरिमा और प्रतिष्ठा को लेकर अनुचित टिप्पणी की गई, जिससे संबंधित सीएचओ में असहजता और मानसिक क्षोभ की स्थिति उत्पन्न हुई। शिकायतकर्ताओं का कहना है कि कथित तौर पर इस प्रकार की अशोभनीय भाषा के प्रयोग की शिकायत पूर्व में भी सामने आ चुकी है।

 

शिकायत में स्वास्थ्य विभाग से पूरे प्रकरण की निष्पक्षता से जांच कराने तथा आरोप सही पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई करने की मांग की गई है। साथ ही चेतावनी दी गई है कि यदि मामले में समयबद्ध तरीके से कार्रवाई नहीं होती है तो सीएचओ धरना-प्रदर्शन करने के लिए विवश हो सकते हैं।

 

फिलहाल शिकायत के आधार पर स्वास्थ्य विभाग की ओर से क्या कार्रवाई की जाती है, इस पर सभी की नजर बनी हुई है। वहीं, लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि अभी नहीं हुई है और संबंधित पक्ष का आधिकारिक पक्ष सामने आना बाकी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *