Bureau Report/ Rakesh Tripathi /Maharajganj News 18 Plus /Chief Editor
32 हजार नए नामांकन के साथ महाराजगंज प्रदेश में अग्रणी, उत्कृष्ट नामांकन करने वाले विद्यालयों के प्रधानाध्यापक सम्मानित।
महराजगंज, 1 जुलाई। समग्र शिक्षा अभियान के अंतर्गत कंपोजिट विद्यालय चौपरिया में जनपद महराजगंज के स्कूल चलो अभियान के द्वितीय चरण का शुभारंभ सदर विधायक जयमंगल कन्नौजिया एवं मुख्य विकास अधिकारी महेंद्र कुमार सिंह की उपस्थिति में हुआ।
कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। इसके बाद पीएम श्री विद्यालय सोनरा की छात्राओं ने सरस्वती वंदना और स्वागत गीत प्रस्तुत किया।
इस अवसर पर कक्षा-1 के नवप्रवेशी छात्र-छात्राओं का तिलक लगाकर स्वागत किया गया तथा उन्हें पुस्तकें, स्कूल बैग और स्टेशनरी किट वितरित की गई। साथ ही वर्तमान शैक्षणिक सत्र में सर्वाधिक नामांकन करने वाले प्राथमिक विद्यालय बागापार द्वितीय, उच्च प्राथमिक विद्यालय छितही बुजुर्ग, प्राथमिक विद्यालय वनग्राम 26/27 (मिठौरा), पीएम श्री विद्यालय ठाकुर नगर एवं पीएम श्री विद्यालय सोनरा के प्रधानाध्यापकों को प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित किया गया।
सदर विधायक जयमंगल कन्नौजिया ने कहा कि शिक्षा सबसे बड़ा धन है और प्रत्येक बच्चे को विद्यालय तक पहुंचाना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है, ताकि वे शिक्षित होकर राष्ट्र निर्माण में अपनी भूमिका निभा सकें।
मुख्य विकास अधिकारी महेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि स्कूल चलो अभियान के प्रथम चरण के दौरान जनपद में अब तक लगभग 32 हजार नए नामांकन किए जा चुके हैं। उन्होंने कहा कि कक्षा-1 में नवीन नामांकन के मामले में महराजगंज प्रदेश के अग्रणी जनपदों में शामिल है। अभियान के दूसरे चरण में सभी विकास खंडों में रैली और जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर हर बच्चे को शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा।
कार्यक्रम में जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी सुरजीत कुमार सिंह, जिला विद्यालय निरीक्षक प्रदीप कुमार शर्मा, डायट प्राचार्य, सहायक वित्त एवं लेखाधिकारी, खंड शिक्षा अधिकारी सदर, मध्याह्न भोजन जिला समन्वयक शैलेंद्र वर्मा, जिला समन्वयक दिव्य प्रकाश पाण्डेय, विभिन्न विद्यालयों के प्रधानाध्यापक, शिक्षक, अधिकारी तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।