Bureau Report/ News 18 Plus /Nichlaul
गिरे हुए विद्युत तार की चपेट में आने से हादसा, मुआवजे और जर्जर लाइनें बदलने की मांग!
निचलौल महराजगंज, 05 जुलाई। निचलौल कस्बे के कृष्णा नगर वार्ड नंबर-12 में रविवार सुबह बिजली विभाग की कथित लापरवाही एक पशुपालक पर भारी पड़ गई। बिजली के पोल से नीचे गिरे विद्युत तार की चपेट में आने से एक भैंस की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश फैल गया और विभाग की कार्यशैली पर गंभीर सवाल उठने लगे।
जानकारी के अनुसार, निचलौल थाना क्षेत्र के ज़िगनहवा निवासी भुआल पुत्र पुनर्वास (50 वर्ष) रविवार सुबह अपनी भैंसों को लेकर जा रहे थे। इसी दौरान रास्ते में बिजली के पोल से नीचे लटक रहा विद्युत तार एक भैंस के संपर्क में आ गया। तेज करंट लगने से भैंस ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर पहुंच गए। लोगों का आरोप है कि क्षेत्र में लंबे समय से जर्जर और झूलते बिजली के तार हादसों को दावत दे रहे हैं। कई बार शिकायत के बावजूद बिजली विभाग ने कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की, जिसका नतीजा यह हादसा है।
स्थानीय नागरिकों ने कहा कि यदि इसी तार की चपेट में कोई बच्चा या राहगीर आ जाता तो बड़ा जानलेवा हादसा हो सकता था। लोगों ने बिजली विभाग की लापरवाही की निष्पक्ष जांच, पीड़ित पशुपालक को उचित मुआवजा और क्षेत्र के सभी जर्जर व जमीन के संपर्क में आए बिजली के तारों की तत्काल मरम्मत कराने की मांग की है।
इस घटना ने एक बार फिर विद्युत सुरक्षा व्यवस्था और विभागीय जिम्मेदारी पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते बिजली विभाग ने आवश्यक मरम्मत कराई होती, तो इस नुकसान से बचा जा सकता था।