Bureau Report/ Rakesh Tripathi Maharajganj /News 18 Plus /Chief Editor
यातायात जागरूकता अभियान के तहत बसों की फिटनेस, बीमा, सीसीटीवी, अग्निशामक यंत्र और प्राथमिक उपचार बॉक्स की हुई जांच!
महराजगंज, 06 जुलाई। जिले में सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के प्रति लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से सोमवार को यातायात पुलिस ने विशेष जागरूकता अभियान चलाया। अभियान के दौरान नगर क्षेत्र में स्कूल और कॉलेज के विद्यार्थियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए स्कूली बसों का व्यापक निरीक्षण किया गया।

जांच के दौरान बसों की फिटनेस प्रमाणपत्र, बीमा, चालक का ड्राइविंग लाइसेंस, सीसीटीवी कैमरे, अग्निशामक यंत्र, आपातकालीन खिड़की तथा प्राथमिक उपचार (फर्स्ट एड) बॉक्स की उपलब्धता और स्थिति की जांच की गई।
वाहन चालकों को सभी स्कूली बसों में सीसीटीवी कैमरे लगाने, निर्धारित गति सीमा का पालन करने, अग्निशामक यंत्र एवं पर्याप्त प्राथमिक उपचार सामग्री साथ रखने के निर्देश दिए गए। वहीं, बाइक से स्कूल आने-जाने वाले विद्यार्थियों को बिना ड्राइविंग लाइसेंस और हेलमेट के वाहन न चलाने की हिदायत दी गई।
अभियान के दौरान नियमों का उल्लंघन करने वाले सात वाहनों के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम के विभिन्न प्रावधानों के तहत कार्रवाई करते हुए 15 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया। यातायात पुलिस ने लोगों से सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करने और सुरक्षित यातायात व्यवस्था में सहयोग करने की अपील की।