Bureau Report /Dilip Kumar Pandey Nichlaul /Correspondent /News 18 Plus
निचलौल, महराजगंज निचलौल कस्बे के मुख्य तिराहे पर सोमवार को भीषण जाम लगने से आमजन को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। कड़ी धूप में राहगीर, स्कूली बच्चे, महिलाएं, बुजुर्ग और वाहन चालक घंटों जाम में फंसे रहे, लेकिन मौके पर यातायात व्यवस्था संभालने के लिए पुलिस-प्रशासन की मौजूदगी न के बराबर दिखाई दी।
स्थानीय लोगों का कहना है कि कानून-व्यवस्था और यातायात प्रबंधन को लेकर प्रशासन की सक्रियता सिर्फ कागज़ों और सोशल मीडिया तक सीमित नजर आ रही है। लोगों का आरोप है कि जहां मौके पर पुलिस की उपस्थिति आवश्यक थी, वहां कोई जिम्मेदार अधिकारी या पुलिसकर्मी दिखाई नहीं दिया।
गौरतलब है कि निचलौल थाने में नवागत थाना प्रभारी अंकित सिंह के कार्यभार संभालने के बाद से ही पुलिस व्यवस्था को लेकर कई सवाल उठने लगे हैं। क्षेत्र के विभिन्न मामलों में कार्रवाई की मांग लगातार उठ रही है, लेकिन कई शिकायतों में अब तक कोई ठोस कार्रवाई सामने नहीं आई है। इससे आमजन में असंतोष बढ़ता जा रहा है।
उधर, जनपद के पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने और अपराध नियंत्रण के लिए लगातार अभियान चला रहे हैं। ऐसे में निचलौल क्षेत्र की यह स्थिति स्थानीय पुलिस की कार्यशैली पर गंभीर प्रश्नचिह्न खड़े करती है।
क्षेत्रवासियों का कहना है कि यदि मुख्य बाजार और प्रमुख चौराहों पर नियमित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित नहीं की गई, तो दुर्घटनाओं और अव्यवस्था की आशंका लगातार बनी रहेगी। लोगों ने उच्चाधिकारियों से मामले का संज्ञान लेकर जिम्मेदार अधिकारियों की जवाबदेही तय करने तथा यातायात व्यवस्था को प्रभावी बनाने की मांग की है।