Bureau Report /News 18 Plus /Sisawa
वृक्षारोपण के साथ गौतम बुद्ध से जुड़े स्थल के विकास का दिया संकेत, पर्यावरण संरक्षण का भी किया आह्वान!
महराजगंज जनपद के सिसवा विकास खंड अंतर्गत ग्राम सभा चिउटहा में आयोजित वृक्षारोपण कार्यक्रम केवल पौधे लगाने तक सीमित नहीं रहा, बल्कि गांव के विकास और पर्यटन की नई संभावनाओं को भी बल मिला। उत्तर प्रदेश विधान परिषद की पंचायती राज समिति के सभापति एवं विधायक प्रेम सागर पटेल ने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया और गौतम बुद्ध से जुड़े चिउटहा स्थित ऐतिहासिक स्थल को पर्यटन के रूप में विकसित करने की मंशा व्यक्त की।
विधायक प्रेम सागर पटेल ने कहा कि चिउटहा का प्राकृतिक सौंदर्य, हरियाली, शांत वातावरण तथा गौतम बुद्ध से जुड़ा यहां का स्तूप इसे पर्यटन की दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण बनाता है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ऐसे ऐतिहासिक और सांस्कृतिक स्थलों के विकास के लिए लगातार प्रयासरत है, जिससे क्षेत्र में पर्यटन को बढ़ावा मिलने के साथ स्थानीय लोगों के लिए रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे।
उन्होंने उपस्थित ग्रामीणों से अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी नियमित देखभाल करने की अपील करते हुए कहा कि वृक्ष केवल पर्यावरण संरक्षण का माध्यम नहीं हैं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ, सुरक्षित और समृद्ध भविष्य की सबसे बड़ी धरोहर भी हैं।
ग्राम प्रधान प्रेम शंकर गुप्ता ने बताया कि कार्यक्रम के दौरान करीब 100 पौधों का रोपण किया गया। इस अभियान में महिलाओं ने भी बढ़-चढ़कर भागीदारी निभाई और पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी जिम्मेदारी का परिचय दिया।
इस अवसर पर ब्लॉक प्रमुख कोदई निषाद, खंड विकास अधिकारी अर्जुन चौधरी, ग्राम सचिव नीरज सिंह, एपीओ सौरभ चौधरी, एडीओ (पंचायत) दीनानाथ पटेल सहित बड़ी संख्या में ग्राम प्रधान, जनप्रतिनिधि, अधिकारी और ग्रामीण महिलाएं उपस्थित रहीं।