*हिन्दू देवी-देवताओं पर कथित आपत्तिजनक टिप्पणी का मामला गरमाया,कार्रवाई की मांग को लेकर एसपी से मिले हिन्दू संगठन!*

Bureau Report /News 18 Plus Correspondent/ Maharajganj 

महराजगंज। सोशल मीडिया पर हिन्दू देवी-देवताओं के विरुद्ध कथित आपत्तिजनक टिप्पणी किए जाने के आरोप को लेकर बुधवार को अंतर्राष्ट्रीय हिन्दू परिषद एवं राष्ट्रीय बजरंग दल के पदाधिकारियों ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर प्रदर्शन किया और ज्ञापन सौंपते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की।

 

जिलाध्यक्ष विशाल पुष्कर के नेतृत्व में पहुंचे कार्यकर्ताओं ने कहा कि सोशल मीडिया पर धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाली टिप्पणियां समाज में तनाव का माहौल पैदा कर सकती हैं। ऐसे मामलों में त्वरित और निष्पक्ष कार्रवाई आवश्यक है, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

 

ज्ञापन के अनुसार, भिटौली थाना क्षेत्र निवासी रेशमा देवी ने आरोप लगाया है कि उनके पुत्र के फेसबुक अकाउंट पर कुछ लोगों ने हिन्दू देवी-देवताओं के संबंध में कथित आपत्तिजनक टिप्पणियां कीं। विरोध जताने पर 13 जुलाई को कई लोग उनके घर पहुंचे और परिवार के सदस्यों को जान से मारने की धमकी दी। साथ ही दुबई में रह रहे उनके पुत्र को भी गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दिए जाने का आरोप लगाया गया है।

 

हिन्दू संगठनों ने पुलिस प्रशासन से पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराने, आरोपियों के विरुद्ध सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर कठोर कार्रवाई करने, पीड़ित परिवार को सुरक्षा उपलब्ध कराने तथा सोशल मीडिया के माध्यम से धार्मिक विद्वेष फैलाने वाले तत्वों पर प्रभावी कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की।

 

पुलिस अधीक्षक ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि मामले की जांच निष्पक्ष ढंग से कराई जाएगी और जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर नियमानुसार विधिक कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *