राष्ट्रीय इंटर कॉलेज के सामने भीषण टक्कर: टेम्पू और बाइक चालक गंभीर घायल, जिला अस्पताल रेफर!

Bureau Report /Correspondent /News 18 Plus /Nichlaul 

 

महराजगंज। निचलौल कस्बे में राष्ट्रीय इंटर कॉलेज के सामने गुरुवार को टेम्पू और मोटरसाइकिल के बीच हुई जोरदार सड़क दुर्घटना में दोनों वाहन चालक गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों की तत्परता से दोनों घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) निचलौल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया।

 

प्राप्त जानकारी के अनुसार, महंगू पासवान (55 वर्ष) पुत्र जगदेंई, निवासी ग्राम मनिकापुर, टेम्पू लेकर निचलौल से महराजगंज की ओर जा रहे थे। इसी दौरान पीछे से उसी दिशा में तेज रफ्तार से आ रहे सलमान (22 वर्ष) पुत्र साकिर अहमद, निवासी ग्राम सोनिया बारवां, की मोटरसाइकिल अनियंत्रित होकर टेम्पू से जा टकराई।

 

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों चालक सड़क पर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना के बाद आसपास के लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई। स्थानीय लोगों ने बिना देर किए एंबुलेंस और अन्य साधनों की मदद से दोनों घायलों को सीएचसी निचलौल पहुंचाया।

 

चिकित्सकों ने दोनों का प्राथमिक उपचार किया, लेकिन हालत गंभीर होने के कारण उन्हें बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर कर दिया। सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और दुर्घटना के संबंध में आवश्यक जानकारी जुटाई। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

 

स्थानीय लोगों का कहना है कि राष्ट्रीय इंटर कॉलेज के सामने का मार्ग अत्यधिक व्यस्त रहता है। यहां अक्सर तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने के कारण सड़क दुर्घटनाएं होती रहती हैं। लोगों ने इस स्थान पर यातायात व्यवस्था को और सुदृढ़ करने तथा वाहन चालकों से सावधानी बरतने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *