Bureau Report /News 18 Plus /Nichlaul
महराजगंज, 18 जुलाई। तहसील निचलौल सभागार में शनिवार को जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल एवं पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी की अध्यक्षता में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में आमजन की समस्याएं सुनी गईं। इस दौरान कुल 165 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 25 का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया, जबकि शेष मामलों के शीघ्र एवं गुणवत्तापूर्ण समाधान के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए गए।
जिलाधिकारी ने विशेष रूप से भूमि विवादों के मामलों में त्वरित, निष्पक्ष एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आईजीआरएस पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण निस्तारण किया जाए तथा शिकायतकर्ताओं की संतुष्टि का स्तर 75 प्रतिशत से अधिक रखने के लिए प्रभावी प्रयास किए जाएं।
समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने तहसीलदार निचलौल को धारा 24 एवं धारा 116 के मामलों में न्यायालय के आदेशों का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। वहीं ग्राम सोनबरसा के धारा 30(2) के एक प्रकरण में लेखपाल एवं कानूनगो द्वारा रिपोर्ट प्रस्तुत करने में देरी पर नाराजगी जताते हुए दोनों से स्पष्टीकरण लेकर विभागीय कार्रवाई के निर्देश दिए।
महराजगंज-ठूठीबारी मार्ग से संबंधित शिकायतों पर जिलाधिकारी ने लोक निर्माण विभाग (राष्ट्रीय राजमार्ग) के अधिशासी अभियंता से स्पष्टीकरण तलब करने के निर्देश दिए। इसके अलावा बिजली एवं चकबंदी विभाग के खिलाफ लगातार मिल रही शिकायतों और समयबद्ध निस्तारण न होने पर संबंधित अधिकारियों को भी स्पष्टीकरण जारी करने के आदेश दिए।
उन्होंने विभिन्न राजस्व न्यायालयों में लंबित मामलों का शीघ्र निस्तारण कराने तथा न्यायालयों के आदेशों का समयबद्ध पालन सुनिश्चित करने पर जोर देते हुए कहा कि लापरवाही मिलने पर संबंधित कानूनगो एवं लेखपाल की व्यक्तिगत जिम्मेदारी तय कर कार्रवाई की जाएगी।
इस अवसर पर प्रभागीय वनाधिकारी सुर्वे निरंजन राजेंद्र, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. सुरेन्द्र कुमार चौधरी, तहसीलदार अमित कुमार सिंह, परियोजना निदेशक राम दरश चौधरी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।