*सीएचसी निचलौल के औचक निरीक्षण में सफाई व्यवस्था पर डीएम नाराज, दिए सख्त निर्देश!*

Bureau Report /News 18 Plus/ Nichlaul 

 

महराजगंज, 18 जुलाई। जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल ने शनिवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) निचलौल का औचक निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं, मरीजों को उपलब्ध सुविधाओं और अस्पताल की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान अस्पताल परिसर, आयुष्मान वार्ड, प्रसव कक्ष और अन्य वार्डों में साफ-सफाई संतोषजनक नहीं मिलने पर उन्होंने नाराजगी जताते हुए तत्काल व्यापक सफाई अभियान चलाने के निर्देश दिए।

 

निरीक्षण के समय ओपीडी में 249 मरीजों का उपचार किया जा चुका था, जबकि आपातकालीन कक्ष में 17 मरीजों को चिकित्सा सुविधा दी गई थी। जिलाधिकारी ने भर्ती मरीजों से बातचीत कर उपचार एवं उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी भी ली।

 

बीपीएचयू लैब में अब तक 68 पैथोलॉजिकल जांचें की जा चुकी थीं। उन्होंने निर्देश दिया कि 0 से 6 वर्ष तक के सभी बच्चों की जांच एवं स्क्रीनिंग का विवरण अनिवार्य रूप से पहचान पोर्टल पर दर्ज किया जाए। एक्स-रे यूनिट में निरीक्षण तक 9 मरीजों की जांच की गई थी।

 

एमसीएच विंग में स्टाफ की उपस्थिति संतोषजनक मिली, लेकिन पीआईसीयू वार्ड में कोई मरीज भर्ती नहीं मिलने पर जिलाधिकारी ने आवश्यकता अनुसार हाई ग्रेड फीवर सहित गंभीर मरीजों को चिकित्सकीय मानकों के अनुरूप भर्ती कर उपचार देने के निर्देश दिए। एसएनसीयू वार्ड में भर्ती नवजातों के उपचार की जानकारी लेते हुए उन्होंने पात्र परिवारों को प्रधानमंत्री मातृत्व वंदना योजना समेत अन्य सरकारी योजनाओं का लाभ सुनिश्चित कराने को कहा।

 

जिलाधिकारी ने उच्च जोखिम गर्भवती (एचआरपी) महिलाओं की शत-प्रतिशत स्क्रीनिंग, लाइन लिस्ट तैयार करने तथा आशा, एएनएम और स्टाफ नर्सों के माध्यम से समयबद्ध जांच व उपचार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही संस्थागत प्रसव को बढ़ावा देने, जननी सुरक्षा योजना के तहत समय पर भुगतान, मरीजों के बेडशीट प्रतिदिन बदलने, बेड के पास रखी मेजों की नियमित सफाई और संक्रमण नियंत्रण व्यवस्था को प्रभावी बनाए रखने पर जोर दिया।

 

उन्होंने अस्पताल परिसर में पड़े निष्प्रयोज्य वाहनों और जर्जर आवासों को नियमानुसार कंडम घोषित कर कार्रवाई करने, अग्निशमन संबंधी कार्य शीघ्र पूरा कराने, सभी कर्मचारियों की मॉक ड्रिल कराने तथा बीपीएचयू भवन तक जाने वाले मार्ग का इंटरलॉकिंग कार्य जल्द पूरा करने के निर्देश भी दिए।

 

जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता, अस्पतालों की स्वच्छता और मरीजों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण उपचार उपलब्ध कराना शासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

 

निरीक्षण के दौरान मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. सुरेंद्र कुमार चौधरी, अधीक्षक डॉ. उमेश चंद सिंह, फिजिशियन डॉ. मनीष खन्ना, एलटी राजकुमार पाण्डेय, बीसीपीएम परेश्वर शाही सहित चिकित्सकीय एवं पैरामेडिकल कर्मी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *