News 18 Plus /Bureau: Siswa/Kothibahar
महराजगंज। कोठीभार थाना क्षेत्र के बड़हरा महंथ गांव से 14 वर्षीय छात्र के संदिग्ध परिस्थितियों में लापता होने का मामला सामने आया है। परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात व्यक्ति के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बड़हरा महंथ निवासी शारदा पत्नी अभिषेक गौड़ ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि उनका पुत्र विवेक गौड़ (14 वर्ष) कक्षा 10 का छात्र है। आरोप है कि 17 जुलाई 2026 को दोपहर करीब 1 बजे कोई अज्ञात व्यक्ति उसे बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया। परिजनों ने अपने स्तर पर काफी तलाश की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं लग सका।
मामले को गंभीरता से लेते हुए कोठीभार पुलिस ने परिजनों की शिकायत के आधार पर अज्ञात आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि छात्र की तलाश के लिए टीमों का गठन कर संभावित स्थानों पर छानबीन की जा रही है तथा मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है।
पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि छात्र की जल्द से जल्द सकुशल बरामदगी और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।