*एसएसबी की 22वीं वाहिनी में सात दिवसीय अंतर क्षेत्रक बढ़ई कार्यशाला का शुभारंभ, तकनीकी दक्षता पर रहेगा विशेष फोकस!*

News 18 Plus /Bureau: Thuthibari

 

 

महराजगंज, 20 जुलाई। 22वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी), महराजगंज परिसर में सोमवार को अंतर क्षेत्रक स्तरीय सात दिवसीय बढ़ई (कारपेंटर) कार्यशाला का शुभारंभ कमांडेंट शक्ति सिंह ठाकुर ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। कार्यक्रम में वाहिनी के सभी अधिकारी उपस्थित रहे और प्रशिक्षण में भाग ले रहे कार्मिकों का उत्साहवर्धन किया।

 

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कमांडेंट शक्ति सिंह ठाकुर ने कहा कि एसएसबी में तकनीकी दक्षता और व्यावसायिक कौशल का निरंतर विकास समय की आवश्यकता है। ऐसे प्रशिक्षण कार्यक्रम न केवल कार्मिकों की कार्यकुशलता और आत्मनिर्भरता बढ़ाते हैं, बल्कि उपलब्ध संसाधनों के बेहतर एवं प्रभावी उपयोग की क्षमता भी विकसित करते हैं। उन्होंने प्रतिभागियों से प्रशिक्षण अवधि का अधिकतम लाभ उठाकर अर्जित ज्ञान को अपनी-अपनी वाहिनियों में व्यवहारिक रूप से लागू करने का आह्वान किया।

 

कार्यशाला का व्यावहारिक प्रशिक्षण आरक्षी (कारपेंटर) सोनू द्वारा दिया जाएगा। प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को बढ़ईगीरी की आधुनिक तकनीकों, लकड़ी की गुणवत्ता की पहचान, उपकरणों के सुरक्षित एवं प्रभावी उपयोग, फर्नीचर निर्माण, मरम्मत, रखरखाव तथा अन्य व्यावहारिक पहलुओं की विस्तृत जानकारी प्रदान की जाएगी।

 

सात दिनों तक चलने वाली इस अंतर क्षेत्रक कार्यशाला में विभिन्न वाहिनियों के कुल 10 कार्मिक प्रतिभाग कर रहे हैं। इनमें 66वीं वाहिनी, 43वीं वाहिनी, 50वीं वाहिनी, 09वीं वाहिनी और 22वीं वाहिनी से दो-दो कार्मिक शामिल हैं। प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को सैद्धांतिक एवं व्यावहारिक दोनों प्रकार का प्रशिक्षण दिया जाएगा, जिससे उनकी तकनीकी क्षमता और कार्य दक्षता में और अधिक वृद्धि हो सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *