*तालाब में डूबी 16 वर्षीय किशोरी, शव मिलने से गांव में सनसनी!*

News 18 Plus /Bureau/ Thuthibari 

 

ठूठीबारी/निचलौल (महराजगंज)महराजगंज जनपद के ठूठीबारी कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत चटिया गांव में मंगलवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब गांव के पीछे स्थित तालाब में एक किशोरी का शव उतराता हुआ दिखाई दिया। शव मिलने की सूचना से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया और देखते ही देखते मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जुट गई।

 

सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस के साथ क्षेत्राधिकारी (सीओ) निचलौल रविंद्र सिंह मौके पर पहुंचे। पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से शव को तालाब से बाहर निकलवाया। फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया, जिसके बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।

 

मृतका की पहचान चटिया गांव निवासी 16 वर्षीय रिषा के रूप में हुई है। मृतका की मां रुक्मिणी ने बताया कि उनकी पुत्री सोमवार दोपहर घर से कूड़ा फेंकने की बात कहकर निकली थी, लेकिन देर शाम तक वापस नहीं लौटी। परिजनों ने काफी खोजबीन की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिलने पर लक्ष्मीपुर खुर्द चौकी पुलिस को सूचना दी गई थी।

 

मंगलवार दोपहर करीब तीन बजे गांव के पीछे स्थित तालाब में शव दिखाई देने पर ग्रामीणों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को बाहर निकलवाया, जिसकी पहचान रिषा के रूप में होते ही परिजनों में कोहराम मच गया। घटना की खबर फैलते ही गांव में शोक की लहर दौड़ गई।

 

बताया जा रहा है कि रिषा के पिता का करीब तीन वर्ष पूर्व निधन हो चुका है। वह अपने भाई-बहनों में चौथे स्थान पर थी। इस हृदयविदारक घटना के बाद परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।

 

इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक अमित सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच में जुटी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *