News 18 Plus /Bureau: Maharajganj
औचक निरीक्षण में सामने आई अव्यवस्थाओं पर अधीक्षक को फटकार, बोले—लापरवाही मिली तो तय होगी जिम्मेदारी।
महराजगंज। स्वास्थ्य सेवाओं की जमीनी हकीकत परखने के लिए मुख्य चिकित्साधिकारी (सीएमओ) डॉ. सुरेन्द्र चौधरी ने गुरुवार देर शाम सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) परतावल का औचक निरीक्षण किया। अचानक पहुंचे सीएमओ ने अस्पताल के विभिन्न वार्डों और स्वास्थ्य सुविधाओं का जायजा लिया। इस दौरान महिला विंग और लेबर रूम में साफ-सफाई की स्थिति संतोषजनक नहीं मिलने पर उन्होंने नाराजगी जताते हुए अस्पताल प्रशासन को तत्काल व्यवस्था दुरुस्त कराने के निर्देश दिए।
सीएमओ ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि अस्पताल में इलाज कराने पहुंचने वाले मरीजों को बेहतर चिकित्सा सुविधा के साथ स्वच्छ और सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना विभाग की प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने अधीक्षक को निर्देशित किया कि अस्पताल के सभी वार्डों में नियमित रूप से सफाई कराई जाए और स्वच्छता व्यवस्था की लगातार निगरानी सुनिश्चित की जाए।
निरीक्षण के दौरान अस्पताल में तैनात सुरक्षा गार्ड के निर्धारित यूनिफॉर्म में ड्यूटी नहीं करने पर भी सीएमओ ने नाराजगी जताई। उन्होंने सुरक्षा गार्ड को ड्रेस कोड का पालन करते हुए निर्धारित वर्दी में ही ड्यूटी करने के निर्देश दिए।
डॉ. चौधरी ने अस्पताल प्रशासन को चेतावनी दी कि मरीजों को किसी भी प्रकार की असुविधा या स्वास्थ्य सेवाओं में लापरवाही सामने नहीं आनी चाहिए। उन्होंने कहा कि भविष्य में निरीक्षण के दौरान यदि स्वच्छता या व्यवस्थाओं में लापरवाही पाई गई तो संबंधित कर्मचारियों की जवाबदेही तय करते हुए आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
सीएमओ के औचक निरीक्षण से अस्पताल परिसर में हड़कंप की स्थिति रही। निरीक्षण के दौरान सीएचसी अधीक्षक डॉ. अमित कुमार, संजीव सिंह, इम्तियाज, प्रभुनाथ, जयप्रकाश यादव समेत अन्य अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।