*नशे में चूर युवकों के साथ बड़ा हादसा: गबढुआ नहर में गिरे, हालत गंभीर!*

News 18 Plus /Bureau: Maharajganj

 

महराजगंज शहर के आजाद नगर क्षेत्र स्थित गबढुआ नहर के पास रविवार को एक दर्दनाक घटना सामने आई, जहां शराब के नशे में धुत दो अज्ञात युवक अचानक नहर में जा गिरे। घटना से इलाके में हड़कंप मच गया और मौके पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई।

 

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, दोनों युवक अत्यधिक नशे की हालत में थे और संतुलन बिगड़ने के कारण सीधे नहर में गिर पड़े। स्थानीय लोगों ने नहर में पड़े युवकों को देखा तो तुरंत सक्रियता दिखाते हुए एंबुलेंस सेवा और पुलिस को सूचना दी।

 

सूचना मिलते ही एंबुलेंस (UP EG 4473) मौके पर पहुंची। एंबुलेंस पायलट ओमकुमार विश्वकर्मा और स्वास्थ्य टीम ने ग्रामीणों की मदद से कड़ी मशक्कत के बाद दोनों युवकों को नहर से बाहर निकाला। मौके पर ही प्राथमिक उपचार देने के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए तत्काल जिला अस्पताल महराजगंज भेजा गया।

 

जिला अस्पताल में चिकित्सकों की निगरानी में दोनों का इलाज जारी है, जहां उनकी स्थिति नाजुक बनी हुई है।

 

इधर, घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। फिलहाल दोनों युवकों की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर उनकी शिनाख्त कराने और परिजनों तक सूचना पहुंचाने का प्रयास कर रही है।

 

इस घटना ने एक बार फिर नशे की लत के खतरनाक परिणामों को उजागर कर दिया है, जिससे इलाके में चिंता का माहौल बना हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *