*महराजगंज में स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा: लापरवाहों पर कार्रवाई के निर्देश,10 सीएचसी पर एक सप्ताह में खुलेंगे जन औषधि केंद्र!*

News 18 Plus /Bureau /Maharajganj Lucknow 

 

महराजगंज, 28 जुलाई 2026। जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल की अध्यक्षता में 27 जुलाई को जनपद की स्वास्थ्य सेवाओं, राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों एवं विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की समीक्षा बैठक आयोजित हुई। बैठक में योजनाओं के क्रियान्वयन की गहन समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने सभी कार्य समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा करने के निर्देश दिए तथा लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों व कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई के आदेश जारी किए।

 

प्रधानमंत्री जन औषधि केंद्रों की प्रगति पर समीक्षा करते हुए निर्देश दिया गया कि जनपद के शेष 10 सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों पर एक सप्ताह के भीतर जन औषधि केंद्र स्थापित किए जाएं, जिससे आमजन को सस्ती और गुणवत्तापूर्ण दवाएं उपलब्ध हो सकें।

 

निरीक्षण के दौरान अनुपस्थित पाए जाने वाले सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारियों (सीएचओ) का उसी दिन का मानदेय तत्काल काटने के निर्देश दिए गए। टेलीकंसल्टेशन सेवा की समीक्षा में 10 चिकित्साधिकारियों द्वारा अत्यंत कम (0 से 49) परामर्श किए जाने पर जिलाधिकारी ने नाराजगी जताते हुए संबंधित अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी करने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि टेलीमेडिसिन ग्रामीण क्षेत्रों में विशेषज्ञ परामर्श का अहम माध्यम है और इसमें लापरवाही स्वीकार नहीं होगी।

 

आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत आयुष्मान कार्ड बनाने की धीमी प्रगति पर बीसीपीएम मुदिता त्रिपाठी (रतनपुर), परमेश्वर शाही (निचलौल) और धर्मेंद्र कुमार सिंह (पनियरा) का जुलाई माह का मानदेय रोकते हुए कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए। साथ ही पनियरा, निचलौल और रतनपुर के प्रभारी चिकित्साधिकारियों को आयुष्मान वार्डों को मानक के अनुरूप सुसज्जित करने को कहा गया।

 

जननी सुरक्षा योजना में पनियरा, बृजमनगंज, मिठौरा, फरेंदा और रतनपुर ब्लॉकों की प्रगति असंतोषजनक मिलने पर संबंधित अधिकारियों को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए। वहीं मातृ मृत्यु की शून्य रिपोर्टिंग पर बृजमनगंज, धानी, घुघली, महराजगंज, पनियरा और फरेंदा ब्लॉकों को आशा और एएनएम के माध्यम से समयबद्ध रिपोर्टिंग सुनिश्चित करने को कहा गया।

 

बैठक में निष्क्रिय स्टाफ नर्सों को चिन्हित कर उनका स्थानांतरण विकासखंड लक्ष्मीपुर में करने के निर्देश दिए गए, ताकि वहां स्थित एफआरयू को पूर्ण रूप से संचालित किया जा सके।

 

राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस (10 अगस्त 2026) की तैयारियों की समीक्षा करते हुए बताया गया कि 1 से 19 वर्ष आयु वर्ग के 14,92,148 बच्चों को एल्बेंडाजोल की गोली खिलाई जाएगी। इसके लिए स्कूलों, आंगनबाड़ी केंद्रों और मदरसों में विशेष अभियान चलाया जाएगा। सभी संबंधित विभागों को समन्वय के साथ कार्य करने और 5 अगस्त तक प्रशिक्षण पूर्ण कराने के निर्देश दिए गए।

 

बैठक के अंत में जिलाधिकारी ने कहा कि स्वास्थ्य सेवाएं शासन की सर्वोच्च प्राथमिकता हैं और किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्धारित लक्ष्यों की समयबद्ध पूर्ति सुनिश्चित करनी होगी।

 

बैठक में सीएमओ डॉ. सुरेंद्र कुमार चौधरी, डीडीओ बी.एन. कन्नौजिया, सीएमएस डॉ. ए.के. द्विवेदी, अपर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. राजेश द्विवेदी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *