News 18 Plus /Bureau /Maharajganj Lucknow
महराजगंज, 28 जुलाई 2026। जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल द्वारा कलेक्ट्रेट सभागार में विकास कार्यों से संबंधित विभिन्न योजनाओं की सीएम डैशबोर्ड पर प्रगति की समीक्षा की गई। बैठक में कृषि, स्वास्थ्य, महिला एवं बाल कल्याण, नेडा, पर्यटन, पिछड़ा वर्ग, बाल विकास एवं पुष्टाहार, उद्यान तथा मत्स्य विभाग सहित कई विभागों की परियोजनाओं का विस्तृत परीक्षण किया गया।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी विभाग निर्धारित लक्ष्यों के अनुरूप योजनाओं का प्रभावी और समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित करें। उन्होंने फैमिली आईडी निर्माण को मिशन मोड में पूरा करने पर विशेष जोर देते हुए कहा कि इसे लक्षित तरीके से शीघ्र पूर्ण किया जाए।
समीक्षा के दौरान पिछले माह सड़क अनुरक्षण कार्यों की खराब स्थिति पर नाराजगी व्यक्त करते हुए इस माह शत-प्रतिशत लक्ष्य हासिल करने के निर्देश दिए गए। साथ ही समाज कल्याण अधिकारी को सामूहिक विवाह योजना के लाभार्थियों के खातों में भुगतान शीघ्र हस्तांतरित करने के लिए कहा गया।
वाइब्रेंट विलेज योजना के तहत लंबित डीपीआर को शीघ्र पोर्टल पर अपलोड करने हेतु डीईएसटीओ को निर्देशित किया गया। वहीं सीएमआईएस पर लंबित परियोजनाओं को लेकर कड़ा रुख अपनाते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि किसी भी प्रकार की अनावश्यक देरी स्वीकार्य नहीं होगी।
उन्होंने कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय बृजमनगंज, अभ्युदय कंपोजिट विद्यालय केवलापुर, जयप्रकाश नारायण सर्वोदय विद्यालय महराजगंज तथा ट्रांजिट हॉस्टल पुलिस लाइन का हैंडओवर तत्काल पूर्ण करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि सभी विभाग यह सुनिश्चित करें कि योजनाओं की प्रगति पर कोई प्रतिकूल प्रभाव न पड़े और जनपद की रैंकिंग में निरंतर सुधार हो। उन्होंने स्पष्ट किया कि योजनाओं में ‘सी’ और ‘डी’ ग्रेड किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं है।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी महेंद्र कुमार सिंह, डीएफओ निरंजन सुर्वे, जिला विकास अधिकारी बी.एन. कन्नौजिया, डीएसटीओ निरंकार, एआर कोऑपरेटिव सुनील गुप्ता, सहायक पर्यटक अधिकारी प्रभाकर मणि त्रिपाठी, जिला पंचायतराज अधिकारी श्रेया मिश्रा, जिला पिछड़ा वर्ग अधिकारी कन्हैया यादव, बीएसए सुरजीत कुमार सिंह सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।