*पत्नी की हत्या के एक हफ्ते बाद पति ने लगाई फांसी, गांव में मचा सनसनी!*

News 18 Plus /Bureau /Maharajganj 

 

पोस्टमार्टम को लेकर परिजनों व पुलिस में नोकझोंक, जांच में जुटी पुलिस।

 

महराजगंज। जिले के श्यामदेउरवा थाना क्षेत्र में दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां पत्नी की हत्या के महज एक सप्ताह बाद पति का शव संदिग्ध परिस्थितियों में घर के कमरे में फंदे से लटका मिला। इस घटना से पूरे गांव में सनसनी फैल गई है।

 

प्राप्त जानकारी के अनुसार, श्यामदेउरवा थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत कुडवा उर्फ मुड़कटिया टोला लगड़ी निवासी शिवनारायण की पत्नी रुकमीना की 23 जुलाई की रात आपसी विवाद में गांव के ही दो युवकों द्वारा लाठी से पीटकर हत्या कर दी गई थी। इस मामले में आरोपी अजय साहनी और भरथरी को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है।

 

बताया जा रहा है कि पत्नी की हत्या के बाद से ही शिवनारायण गहरे सदमे में थे और मानसिक रूप से काफी परेशान चल रहे थे। गुरुवार की सुबह करीब 11 बजे तक वह घर पर मौजूद रिश्तेदारों और ग्रामीणों से बातचीत कर रहे थे। परिवार वाले 2 अगस्त को होने वाले रुकमीना के दसगात्र की तैयारी में जुटे थे।

 

इसी बीच शिवनारायण अपने कमरे में चले गए। काफी देर तक बाहर नहीं आने पर उनकी बेटी आरती उन्हें बुलाने पहुंची, जहां का दृश्य देख उसके होश उड़ गए। कमरे में शिवनारायण का शव फंदे से लटका हुआ था। बेटी की चीख सुनकर परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे, जिसके बाद घटनास्थल पर भारी भीड़ जुट गई।

 

परिजन आनन-फानन में उन्हें पनियरा स्थित एक निजी चिकित्सक के पास ले गए, जहां डॉक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर श्यामदेउरवा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण करते हुए साक्ष्य जुटाए तथा ग्रामीणों से पूछताछ की।

 

इस दौरान शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने को लेकर परिजनों ने विरोध जताया, जिससे करीब एक घंटे तक पुलिस और स्वजनों के बीच नोकझोंक होती रही। काफी समझाने-बुझाने के बाद परिजन राजी हुए, जिसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

 

थानाध्यक्ष सत्यप्रकाश सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। पत्नी की हत्या के बाद से मृतक मानसिक तनाव और अवसाद में था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस पूरे मामले की गहन जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *