ब्यूरो न्यूज़ 18प्लस महराजगंज
महराजगंज, 31 जुलाई 2026। छात्र-छात्राओं की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए यातायात पुलिस महराजगंज ने नगर कस्बा क्षेत्र में स्कूल एवं कॉलेज आने-जाने वाले वाहनों के खिलाफ सघन चेकिंग अभियान चलाया। पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में चलाए गए इस अभियान के दौरान स्कूली बसों, वैन और अन्य शैक्षणिक वाहनों की गहन जांच की गई।
चेकिंग के दौरान वाहनों की फिटनेस, बीमा, चालकों के वैध ड्राइविंग लाइसेंस (DL) सहित सभी आवश्यक दस्तावेजों की जांच की गई। साथ ही सीसीटीवी कैमरा, आपातकालीन खिड़की, अग्निशामक यंत्र और फर्स्ट एड बॉक्स की उपलब्धता व कार्यशीलता भी परखी गई।
यातायात पुलिस ने चालकों और स्कूल प्रबंधन को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि सभी स्कूली वाहनों में अनिवार्य रूप से CCTV कैमरे लगाए जाएं और वाहन निर्धारित गति सीमा के भीतर ही संचालित किए जाएं। इसके अलावा पर्याप्त दवाइयों के साथ फर्स्ट एड बॉक्स तथा मानक के अनुरूप अग्निशामक यंत्र रखना भी सुनिश्चित करने को कहा गया।
अभियान के दौरान बिना वैध ड्राइविंग लाइसेंस और हेलमेट के दोपहिया वाहन चलाकर स्कूल आने वाले छात्र-छात्राओं को जागरूक करते हुए उन्हें ऐसे वाहन न चलाने की सख्त हिदायत दी गई।
नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध मौके पर ही चालान काटते हुए वैधानिक कार्रवाई की गई। यातायात पुलिस ने अभिभावकों और वाहन चालकों से अपील की है कि बच्चों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यातायात नियमों का पूरी तरह पालन करे।