रिपोर्ट ब्यूरो न्यूज़ 18प्लस महराजगंज
महराजगंज। महराजगंज जिले में आयकर विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन औद्योगिक प्रतिष्ठानों पर एक साथ छापेमारी की। इस कार्रवाई से पूरे कारोबारी जगत में हड़कंप मच गया। प्रारंभिक जांच में नेपाल को कथित अवैध आपूर्ति से जुड़े महत्वपूर्ण सुराग मिलने की बात सामने आ रही है। सूत्रों के अनुसार छापेमारी के दौरान करीब दो करोड़ रुपये नकद, बड़ी संख्या में दस्तावेज, डिजिटल रिकॉर्ड और अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्य बरामद किए गए हैं। फिलहाल आयकर विभाग की जांच जारी है।
आयकर विभाग की टीम ने गोरखपुर–सोनौली हाईवे स्थित हिंदुस्तान फ्लोर इंडस्ट्रीज़ (लक्ष्मीपुर), हिंदुस्तान इंडस्ट्रीज़ (परसौनी) और शंकर राइस मिल (संपत्तिहा) में एक साथ कार्रवाई की। अधिकारियों ने कई घंटों तक अभिलेखों, कंप्यूटर, डिजिटल डेटा और वित्तीय दस्तावेजों की गहन जांच की तथा महत्वपूर्ण रिकॉर्ड अपने कब्जे में लिए।
सूत्रों के मुताबिक शुरुआती जांच में संबंधित प्रतिष्ठानों से नेपाल में कथित अवैध आपूर्ति के संकेत मिले हैं। बरामद दस्तावेजों और डिजिटल रिकॉर्ड का विस्तृत परीक्षण किया जा रहा है, जिससे वित्तीय लेन-देन, कर देनदारियों और संभावित कर चोरी से जुड़े पूरे नेटवर्क की पड़ताल की जा सके।
बताया जा रहा है कि आयकर विभाग की कार्रवाई 15 घंटे से अधिक समय तक चली। जांच टीम बरामद नकदी, दस्तावेजों और इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों का बारीकी से विश्लेषण कर रही है। जांच पूरी होने के बाद तथ्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
हालांकि आयकर विभाग ने अभी तक मामले में कोई आधिकारिक विस्तृत बयान जारी नहीं किया है, लेकिन इस छापेमारी को महराजगंज जिले में हाल के वर्षों की सबसे बड़ी आयकर कार्रवाइयों में से एक माना जा रहा है। मामले में विभाग की जांच जारी है और आगे और खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।