*सीमा पर एसएसबी का सख्त पहरा: 304 किलो चाइनीज लहसुन बरामद, तस्कर नेपाल भागे!*

News 18 Plus /Bureau /Thuthibari 

 

महराजगंज। भारत-नेपाल सीमा पर तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे सघन अभियान में 22वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। शनिवार तड़के सीमा चौकी शीतलापुर की टीम ने कार्रवाई करते हुए 304 किलोग्राम तृतीय देशीय (चाइनीज) लहसुन बरामद किया। हालांकि, एसएसबी की मौजूदगी की भनक लगते ही तस्कर सामान छोड़कर नेपाल की ओर फरार हो गए।

 

प्राप्त जानकारी के अनुसार, एसएसबी को शनिवार सुबह करीब 4:40 बजे विश्वसनीय सूचना मिली थी कि नेपाल से अवैध रूप से लाया गया चाइनीज लहसुन ग्राम लक्ष्मीपुर के समीप सीमा स्तंभ संख्या 503 और 504 के बीच भारतीय क्षेत्र में करीब 100 मीटर अंदर गन्ने के खेत में छिपाकर रखा गया है। सूचना मिलते ही नाका पार्टी तत्काल मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर निगरानी शुरू कर दी।

 

निगरानी के दौरान कुछ संदिग्ध लोग खेत की ओर बढ़ते दिखाई दिए। एसएसबी जवानों ने उन्हें रोकने का प्रयास किया, लेकिन जवानों को देखते ही सभी तस्कर मौके पर रखे बोरे छोड़कर नेपाल की दिशा में फरार हो गए। इसके बाद टीम ने तलाशी अभियान चलाया, जिसमें मौके से 16 बोरी चाइनीज लहसुन बरामद हुआ। प्रत्येक बोरे में लगभग 19 किलोग्राम लहसुन भरा था, जिसका कुल वजन 304 किलोग्राम पाया गया।

 

एसएसबी ने मौके पर ही आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए बरामद लहसुन को जब्त कर लिया और अग्रिम कार्रवाई हेतु सीमा शुल्क कार्यालय निचलौल को सुपुर्द कर दिया।

 

इस सफल कार्रवाई का नेतृत्व उपनिरीक्षक (सामान्य) एच. सेबास्टियन ने किया। टीम में सहायक उपनिरीक्षक कैलाश चंद, आरक्षी राठौर युवराज और आरक्षी अविनाश कुमार की अहम भूमिका रही।

 

एसएसबी अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि भारत-नेपाल सीमा पर तस्करी की हर गतिविधि पर कड़ी नजर रखी जा रही है। उन्होंने चेतावनी दी कि अवैध तस्करी में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *