*ईंट भट्ठा विवाद में 20 लाख से अधिक नुकसान का आरोप, मारपीट व दस्तावेज लूटने का मुकदमा दर्ज!*

News 18 Plus /Bureau /Siswa Kothibar 

महराजगंज (उत्तर प्रदेश)जनपद के कोठीभार थाना क्षेत्र अंतर्गत मौजा सोहट में ईंट भट्ठा संचालन और किरायेदारी विवाद को लेकर एक गंभीर मामला प्रकाश में आया है। पीड़ित मुरलीधर (45) पुत्र जगदम्बा, निवासी सोहट ने माधुरी देवी, उनके पति ओमप्रकाश प्रजापति तथा उमाशंकर प्रजापति सहित अन्य के खिलाफ आपराधिक षड्यंत्र, धोखाधड़ी, मारपीट और दस्तावेज छीनने का आरोप लगाते हुए न्यायालय की शरण ली है।

क्या है मामला?

प्राप्त जानकारी के अनुसार, मुरलीधर और उनके भाई ने सोहट स्थित एक ईंट भट्ठा संचालित करने के लिए माधुरी देवी से 12 वर्षों के लिए भूमि किराये पर ली थी। पंजीकृत अनुबंध के अनुसार यह अवधि 11 जून 2025 को समाप्त हो गई थी। आरोप है कि अनुबंध समाप्त होने के बाद भी भूमि को अवैध रूप से माधुरी देवी ने अपने रिश्तेदार उमाशंकर प्रजापति को किराये पर दे दिया।

पीड़ित का कहना है कि जब उन्होंने अपना ट्रैक्टर-ट्रॉली, कच्ची ईंटें और अन्य सामान हटाने का प्रयास किया, तो उनसे ₹1,30,000 की मांग की गई। भुगतान करने के बावजूद उन्हें समय पर सामान हटाने नहीं दिया गया।

मारपीट और नुकसान का आरोप

पीड़ित के अनुसार, 24 दिसंबर 2025 को दोपहर करीब 2 बजे विपक्षीगण ने कथित रूप से साजिश के तहत ईंट पकाने के घेरे को तोड़ दिया, जिससे उन्हें 20 लाख रुपये से अधिक का आर्थिक नुकसान हुआ।

विरोध करने पर पीड़ित और उनके भाई के साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट की गई तथा जान से मारने की धमकी दी गई। आरोप है कि इस दौरान भट्ठे से संबंधित महत्वपूर्ण दस्तावेज भी जबरन छीन लिए गए।

न्यायालय के आदेश पर मुकदमा दर्ज

स्थानीय थाने में सुनवाई न होने पर पीड़ित ने पंजीकृत डाक से नोटिस भेजा, लेकिन कोई कार्रवाई न होने पर न्यायालय का दरवाजा खटखटाया। न्यायालय के आदेश पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 115(2), 352, 351(2), 324(4) व 309(4) के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *