Bureau Report/ News 18 Plus /Sonauli
निर्माणाधीन एकीकृत जांच चौकी की प्रगति जांची, सुरक्षा एजेंसियों को 24×7 सतर्क रहने के निर्देश।
महराजगंज, 10 अगस्त 2026। जनपद में कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने तथा भारत-नेपाल सीमा पर सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने के उद्देश्य से जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक महराजगंज ने सोमवार को सोनौली बॉर्डर का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान निर्माणाधीन एकीकृत जांच चौकी (आईसीपी) का भी बारीकी से जायजा लिया गया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने एकीकृत जांच चौकी की भौतिक प्रगति की समीक्षा करते हुए संबंधित कार्यदायी संस्था को निर्माण कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। साथ ही बॉर्डर पर सुरक्षा व्यवस्था, आवागमन की निगरानी तथा संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष सतर्कता बरतने को कहा गया।
अधिकारियों ने सीमा पर तैनात पुलिस बल एवं सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) के जवानों को अलर्ट मोड में रहने के निर्देश देते हुए आने-जाने वाले संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की गहन जांच सुनिश्चित करने पर जोर दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि सीमा सुरक्षा में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
इस दौरान विभिन्न केंद्रीय एवं स्थानीय सुरक्षा एजेंसियों के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने तथा 24 घंटे कड़ी निगरानी रखने के निर्देश भी दिए गए, ताकि किसी भी अवैध गतिविधि को समय रहते रोका जा सके।