Bureau Report/ Rajiv Tripathi /Nichlaul News 18 Plus /Co-Editor
सुबह शौच के लिए निकले ग्रामीणों ने देखा खौफनाक मंजर, मौके पर पहुंची पुलिस ने शुरू की जांच।
महराजगंज। निचलौल क्षेत्र के रुदौली गांव में मंगलवार की सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब गांव के उत्तर दिशा स्थित सीवान में एक युवक का शव बिजली के टावर से फंदे के सहारे लटका मिला। खेतों की ओर निकले ग्रामीणों की नजर शव पर पड़ी तो देखते ही देखते घटनास्थल पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण करते हुए जांच शुरू कर दी।
मृतक की पहचान रामकोकिल उर्फ दरोगा चौधरी, पुत्र बसंत चौधरी, निवासी रुदौली के रूप में हुई है। वह दो भाइयों में छोटा था और अविवाहित बताया जा रहा है। परिजनों के अनुसार उसकी बहन की शादी हो चुकी है।
करीब एक सप्ताह पहले लौटा था घर
बताया जा रहा है कि दरोगा करीब एक सप्ताह पूर्व बाहर से अपने घर लौटा था। परिजनों के मुताबिक घर लौटने के बाद उसने कुछ जरूरी कागजात भी जला दिए थे। हालांकि, उसने ऐसा क्यों किया और उसके मन में क्या चल रहा था, इसे लेकर परिवार के लोग भी स्पष्ट जानकारी नहीं दे सके।
सुबह पांच बजे ग्रामीणों की पड़ी नजर
ग्रामीणों के मुताबिक मंगलवार सुबह करीब पांच बजे कुछ लोग शौच के लिए गांव के उत्तर दिशा की ओर निकले थे। इसी दौरान उनकी नजर बिजली के टावर पर गई, जहां युवक का शव फंदे पर लटका दिखाई दिया। शव देखते ही ग्रामीणों में हड़कंप मच गया और घटना की जानकारी तत्काल परिजनों व पुलिस को दी गई।
परिवार में मचा कोहराम, कारण की तलाश में पुलिस
युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। युवक ने यह कदम किन परिस्थितियों में उठाया, फिलहाल इसकी वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है।
पुलिस घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत की परिस्थितियों को लेकर स्थिति और स्पष्ट होने की उम्मीद है। पुलिस यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि युवक के घर लौटने के बाद उसकी गतिविधियों और मानसिक स्थिति में कोई बदलाव आया था या नहीं।